Bhopal News: कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला के खिलाफ महिला का वीडियो बनाने का केस दर्ज
निशातपुरा थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर दर्ज किया प्रकरण। मनोज शुक्ला ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 19 Aug 2021 11:21:32 AM (IST)
Updated Date: Thu, 19 Aug 2021 11:21:32 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला पर एक महिला ने घर में घुसकर वीडियो बनाने और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर निशातपुरा थाना पुलिस ने मनोज शुक्ला और दो अन्य युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
निशातपुरा थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि 50 वर्षीय महिला थाना क्षेत्र में रहती है। महिला के पति और देवर की कोरोना की दूसरी लहर में मृत्यु हो चुकी है। महिला ने मंगलवार को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसमें बताया कि 26 जुलाई को शाम चार बजे वह घर पर थी तभी मनोज शुक्ला उनके घर पर पहुंचे। उनके साथ दो अन्य युवक भी जबरदस्ती घर के अंदर आ गए। इनमें से एक युवक खुद को पत्रकार बता रहा था। उसने महिला से आपत्तिजनक सवाल पूछने शुरू कर दिए, जिनका जबाव मनोज शुक्ला अपनी तरफ से देने लगे। कमरे में उनके बच्चे भी मौजूद थे। उन लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया था। इसके बाद पता चला कि मनोज शुक्ला ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। महिला का आरोप है कि मनोज शुक्ला ने जान से मारने की धमकी भी दी है। शुक्ला ने उसकी निजता का हनन किया है और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की है। पुलिस ने आरोपित मनोज शुक्ला और दो अन्य युवकों के खिलाफ धारा 451, 469, 506 और 34 के तहत केस दर्ज किया है। इस मामले में मनोज शुक्ला का कहना है कि महिला मेरी बहन है। वह महिला और उसके परिवार की मदद के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके ऊपर दर्ज मामला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।