Bhopal News: रेलवे के हिस्से का काम शुरू नहीं होने से बैरागढ़ में आरओबी बनने में देरी, फाटक बंद होने से परेशानी
पीडब्ल्यूडी की सेतु शाखा द्वारा किया जा रहा आरओबी का निर्माण। रेल प्रशासन अपने हिस्से में गर्डर बिछाएगा। आरओबी का एक हिस्सा स्टेशन तक उतरेगा।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 29 Mar 2024 02:27:23 PM (IST)
Updated Date: Fri, 29 Mar 2024 02:27:23 PM (IST)
बैरागढ़ में फाटक रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। -नवदुनिया भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में रेलवे फाटक के पास आरओबी बनाने का अब मंद गति से किया जा रहा है। रेल प्रशासन अभी तक अपने हिस्से में गर्डर बिछाने का काम नहीं कर सका है। इस कारण काम में देरी हो रही है। फाटक बार-बार बंद होने से नागरिकों को पहले की तरह परेशानी हो रही है।
37 साल पहले हुई थी घोषणा
बैरागढ़ में ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा करीब 37 साल पहले 1987 में तत्कालीन रेल राज्यमंत्री माधवराव सिंधिया ने की थी लेकिन काम प्रारंभ नहीं हो सका था। निर्माण के लिए कभी रेलवे की आपत्ति तो कभी राज्य शासन की उदासीनता को कभी सैन्य प्रशासन की अनुमति नहीं मिलना आदि कारणों से मामला टलता गया। पिछले विधानसभा चुनाव से पहले लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा ने आरओबी बनाने का काम प्रारंभ किया था। विभाग अपने हिस्से का काम पूरी गति से कर रहा है, लेकिन बीच के हिस्से में रेलवे की ओर से काम किया जाना है। इसमें विलंब हो रहा है।
स्टेशन तक उतरेगा एक हिस्सा
लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा ने थ्री एमई सेंटर छोर से पिलर खड़े कर दिए हैं। फाटक के पास भी तीन पिलर खड़े किए जा चुके हैं। आरओबी का एक हिस्सा संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर आकर समाप्त होगा। ऐसा होने से सीटीओ एवं पास की कालोनियों में रहने वाले नागरिकों को सुविधा हो जाएगी। आरओबी निर्माण पर करीब 27 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। रेल सुविधा संघर्ष समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि रेल प्रशासन से अपने हिस्से का काम जल्द पूरा करने का आग्रह किया जाएगा, ताकि बार-बार फाटक बंद होने से हो रही परेशानी से निजात मिल सके।