Bhopal News: बैरागढ़ में पूज्य सिंधी पंचायत के चुनाव कल, दो पैनलों के बीच होगा मुकाबला
चुनाव संचालन समिति ने पूरी की तैयारियां। कल नवयुवक सभा भवन में होगा मतदान। कुल तीन हजार 739 सदस्य चुनेंगे अपने प्रतिनिधि।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 24 Dec 2022 11:09:26 AM (IST)
Updated Date: Sat, 24 Dec 2022 11:09:26 AM (IST)

संत हिरदाराम नगर, नवदुनिया प्रतिनिधि। बैरागढ़ में सिंधी समाज की सबसे बड़ी संस्था पूज्य सिंधी पंचायत के चुनाव चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण हो गई है। चुनाव में दो पैनलों के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव के लिए संचालन समिति का गठन किया गया है।
चुनाव 25 दिसंबर को नवयुवक सभा भवन में होंगे। चुनाव अधिकारी बसंत चेलानी ने बताया कि संचालन समिति निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। समिति में शिक्षाविद् विष्णु गेहाणी का मार्गदर्शक बनाया गया है। धर्मप्रकाश मोटवानी को सहायक चुनाव अधिकारी एवं सुरेश राजपाल को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। समिति की बैठक में चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया। चेलानी ने बताया कि रविवार को सुबह आठ बजे नवयुवक सभा भवन में मतदान शुरू होगा। इसमें कुल तीन हजार 739 सदस्य मतदान के पात्र होंगे। पांच बूथ बनाए गए हैं। सदस्यों को फोटो पहचान पत्र होने पर ही वोट देने दिया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। मतगणना के लिए 50 सदस्यों की टीम बनाई गई है। उम्मीदवारों के एजेंटों को भी मतगणना में शामिल होने की अनुमति दी गई है।
युवा दे रहे हैं घर-घर दस्तक
पंचायत में 10 पदों पर चुनाव कराने की परंपरा है। इस बार महासचिव पद पर माधु चांदवानी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। अब अध्यक्ष, तीन उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष, सह कोषाध्यक्ष एवं आडिटर पद पर चुनाव होगा। नौ पदों पर 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। दो पैनल बने हैं। अध्यक्ष पद पर 84 साल के बुजुर्ग साबू रीझवानी का मुकाबला 36 वर्ष के अमित राजानी से है। दोनों पैनल के उम्मीदवार घर-घर दस्तक दे रहे हैं। रीझवानी समर्थक जहां अपने सेवा कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं, वहीं दूसरी पैनल के उम्मीदवार बदलाव की अपील के साथ वोट मांग रहे हैं।