Bhopal News: पुलिस कमिश्नरी में पांचवीं काम्बिंग गश्त, छह घंटे में 987 बदमाश गिरफ्तार
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 200 गाड़ियों में 1000 पुलिसकर्मी शहरभर में उतारे। जोन वन में सबसे अधिक बदमाश गिरफ्तार। इस दौरान एक जिलाबदर बदमाश को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को कामयाबी मिली। हर थाने से पांच-पांच पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई। रिजर्व पुलिस बल भी लगाया गया।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 11 Dec 2022 01:14:57 PM (IST)
Updated Date: Sun, 11 Dec 2022 01:14:57 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के एक साल पूरा होने के दूसरे दिन पुलिस ने शनिवार रात को कांबिंग गश्त कर सिर्फ छह घंटे में 987 से ज्यादा बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें कई स्थाई वारंटी दस साल से फरार चल रहे थे। कमिश्नरी प्रणाली की यह पांचवी काम्बिंग गश्त थी, जहां इतनी बड़ी संख्या में कम समय में स्थाई व गिरफ्तारी वारंटों को तामील कराया गया है। कार्रवाई के दौरान 200 गाड़ियों में 1200 पुलिसकर्मियों ने शहर में रातभर घूमते हुए कार्रवाई की।
पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने एक साल पूरा होने के बाद शनिवार रात 12 बजे से रविवार सुबह छह बजे तक बदमाशों को पकड़ने की कार्रवाई चली। करीब छह घंटे की कार्रवाई में 483 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए और 467 स्थाई वारंटी और 37 जिलाबदर समेत करीब कुल 987 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान एक जिलाबदर बदमाश को भी गिरफ्तार किया गया।
हर थाने से पांच-पांच पुलिसकर्मियों की बनाई गई थी टीम
पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम की दिशा में समीक्षा लगातार की जा रही है। इसी के तहत गिरफ्तारी व स्थाई वारंट तामील के लिए कांबिंग गश्त को अंतिम रूप दिया गया। हर थाने से पांच-पांच पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई। इनके साथ ही रिजर्व पुलिस बल भी लगाया गया। पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर व एडी. सीपी सचिन अतुलकर की मानीटरिंग में हर जोन के डीसीपी व अन्य पुलिस अधिकारियों ने शनिवार रात को गश्त शुरू की गई थी।
बदमाशों को भनक तक नहीं लगी
इस काम्बिंग गश्त को एक प्रशिक्षण के रूप में लिया गया। कमिश्नर प्रणाली में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आपात परिस्थितियों में कम समय में अधिक से अधिक बल को एकत्रित कर सुरक्षा व्यवस्था तुरंत सख्त की जा सके, इसलिए यह औचक कार्रवाई की गई थी। इस कार्रवाई की बदमाशों को भनक तक नहीं लगी और उन्हें भागने का मौका नहीं मिला। इस दौरान जिलाबदर इरफान नंगे नाम का बदमाश पुलिस के हाथ लग गया।
देहात में भी चली चेकिंग
कांबिंग गश्त इस बार देहात में भी हुई। इस दौरान गुनगा, बैरसिया, नजीराबाद पुलिस भी सड़कों पर उतरी। इस दौरान करीब 84 अधिकारी सड़क पर घूमे। करीब 19 स्थाई गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। 40 गिरफ्तारी वारंट और 21 निगरानीशुदा बदमाशों को चेक किया गया।