यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal News: ईश्वर ने भजन गायक बनाया, वो चाहेगा तो नेता भी बन जाऊंगा - अनूप जलोटा
एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने भोपाल आए भजन सम्राट अनूप जलोटा ने नवदुनिया प्रतिनिधि से विभिन्न विषयों पर खुलकर चर्चा की।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 23 Apr 2024 02:04:03 PM (IST)Updated Date: Tue, 23 Apr 2024 02:04:03 PM (IST)
HighLights
- अनूप जलोटा ने कहा कि राजनीति के माध्यम से हम देश और जनता की वास्तविक सेवा कर सकते हैं।
- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को बताया अपना आदर्श।
- मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया अवतारी पुरुष।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अपने करियर की शुरुआत में मैंने कोरस गाया, फिल्मों के लिए गीत गाये और गजल भी गायी, लेकिन मुझे पहचान एक भजन गायक के रूप में मिली। यह ईश्वर की मर्जी थी, जिसने मुझे भजन गायक बनाया। अब उसकी मर्जी होगी तो मैं नेता भी बन जाउंगा, क्योंकि संगीत के माध्यम से हम लोगों की अप्रत्यक्ष सेवा कर पाते हैं। वास्तविक सेवा का जरिया राजनीति ही है। मुझे आदेश मिलेगा तो मैं राजनीति के क्षेत्र में जाने में तनिक भी देरी नहीं करूंगा। यह कहना था, पद्मश्री सम्मान प्राप्त भजन गायक अनूप जलोटा का।
राजनीति जनसेवा का जरिया
महावीर जयंती के मौके पर रवींद्र भवन में आयोजित भजन संध्या में प्रस्तुति देने भोपाल आए भजन सम्राट ने नवदुनिया से चर्चा में कहा कि संगीत के माध्यम से हम लोगों का मनोरंजन कर कर पाते हैं। उन्हें भक्ति के मार्ग से जोड़ पाते हैं, लेकिन राजनीति के माध्यम से हम देश और जनता की वास्तविक सेवा कर सकते हैं। लोगों के लिए घर, सड़क बनवाने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्य कर सकते हैं। अनूप जलोटा ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी मेरे आदर्श हैं और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से मैं बहुत प्रभावित हूं। मैं उन्हें अवतार पुरुष के रूप में देखता हूं।
भजय गायन से मिलता है आनंद
संगीत के पुराने और वर्तमान में इंटरनेट मीडिया के दौर संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में अनूप जलोटा ने कहा कि पहले गायक पर्दे के पीछे रहा करते थे। कोई उनको जानता नहीं था। एक बार मोहम्मद रफी ट्रेन में सफर कर रहे थे। उन्हें कोई पहचान नहीं पाया और जब उन्होंने बताया कि मोहम्मद रफी हूं, लोग हैरत में पड़ गए। मैंने शहर-शहर, गांव-गांव में प्रस्तुति देकर अपनी पहचान बनाई है, लेकिन आज इंटरनेट मीडिया के माध्यम से गायक रातोंरात हिट हो जाते हैं। अनूप जलोटा ने कहा कि मैं एक्टिंग भी कर लेता हूं और फिल्मों के लिए भी गाने गाए हैं, लेकिन भजन गाने में मुझे जो आनंद मिलता है, वह किसी और काम में नहीं है।
पुराने गायकों की नकल कर रहे आज के गायक
अनूप जलोटा ने कहा कि संगीत की दुनिया में आज के प्लेबैक सिंगर कुछ नया नहीं कर रहे हैं। वे मोहम्मद रफी, मन्ना डे, किशोर कुमार जैसे पुराने गायकों की नकल कर रहे हैं। इसलिए उनकी गायकी में नयापन और मौलिकता नहीं है। मैं मानता हूं कि यदि किसी कलाकार की अलग आवाज होती है, तो वह अमर हो जाता है। सिंगिंग मेरा जीवन है, लेकिन एक्टिंग के दौरान मुझे अलग तरह का मजा आता है। म्यूजिशियन से दूर यूनिट के साथ रहने के दौरान अलग तरह का अनुभव मिलता है।
आगामी माह में रिलीज होगा संशोधित हनुमान चालीसा
अनूप जलोटा के साथ प्रस्तुति देने आई कान्हा फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं स्वर संगम संगीत विद्यालय की संचालिका अनिता तांबि खंडेलवाल ने कहा कि स्वामी रामभद्राचार्य ने कुछ दिनों पहले प्रचलित हनुमान चालीसा में कुछ शाब्दिक त्रुटियों का जिक्र किया था। इसके बाद गीता प्रेस गोरखपुर द्वारा प्रिंट की गई हनुमान चालीसा में चार चौपाइयों में सुधार किए गए हैं। अनूप जलोटा के साथ मिलकर मैंने सुधार सहित हनुमान चालीसा पाठ के सस्वर गायन की रिकार्डिंग लता मंगेशकर स्टूडियो मुंबई में टी-सीरीज के माध्यम से की, जिसका प्रसारण आगामी माह में होने की संभावना है।