Bhopal News: भोपाल(नवदुनिया प्रतिनिधि)। संस्कृति विभाग द्वारा 14 सितंबर को हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी भाषा सम्मान अलंकरण एवं कवि सम्मेलन का आयोजन शाम सात बजे से रवींद्र सभागम में किया जाएगा। हिंदी भाषा के विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अमूल्य योगदान के लिए पांच राष्ट्रीय सम्मानों की स्थापना वर्ष 2015 में की गई थी, जिनमें सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, निर्मल वर्मा सम्मान, फादर कामिल बुल्के सम्मान, गुणाकर मुले सम्मान एवं हिंदी सेवा सम्मान शामिल हैं, जो कि इस समारोह में प्रदान किए जाएंगे। इन सभी सम्मानों के अंतर्गत प्रत्येक सम्मानित को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका एवं शाल-श्रीफल प्रदान किया जाएगा।
इन्हें मिलेगा सम्मान: संचालक, संस्कृति विभाग अदिति कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विभाग द्वारा वर्ष 2019 एवं 2020 के लिए आयोजित चयन समिति की बैठकों में लिए गए निर्णय अनुसार जिन कलाकारों/साहित्यकारों का चयन किया गया है, उनमें राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान वर्ष 2019 जयदीप कर्णिक दिल्ली, वर्ष 2020 संस्था - ऋ तम, नई दिल्ली, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान वर्ष 2019 डा. कृष्ण कुमार, बर्मिंघम, वर्ष 2020 रोहित कुमार हैप्पी न्यूजीलैंड, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान वर्ष 2019 डा. बीरसेन जागासिंह, मारीशस, वर्ष 2020 प्रो. हिदेआकि इशिका टोकियो, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान वर्ष 2019 पद्याकर धनंजय सराफ भोपाल, वर्ष 2020 डा. संतोष चौबे भोपाल, राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान वर्ष 2019 डा. शीला कुमारी, त्रिवेंद्रम वर्ष 2020 सुधीर मोता, भोपाल को प्रदान किया जाएगा। इस अलंकरण में वर्ष 2018 के राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान से सम्मानित अर्चना पैन्यूली, डेनमार्क एवं वर्ष 2018 के राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान से सम्मानित आनी मांतो को भी निमंत्रित किया गया है, क्योंकि विगत अलंकरण में यह दोनों शामिल नहीं हो पाई थीं। अलंकरण के बाद कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाना है, जिसमें अशोक चक्रधर नई दिल्ली, कीर्ति काले नई दिल्ली, डा. विनय विश्वास दिल्ली, विष्णु सक्सेना अलीगढ़ और मधु मोहिनी उपाध्याय, नोएडा आमंत्रित हैं।