Bhopal News: दुष्कर्म से आहत होकर की थी 9वीं की छात्रा ने खुदकुशी, फारेंसिक जांच से हुआ खुलासा
पुलिस को नहीं मिला था सुसाइड नोट। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज। डीएनए सैंपल के आधार पर आरोपित की तलाश करेगी पुलिस।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 23 Mar 2024 08:21:41 AM (IST)
Updated Date: Sat, 23 Mar 2024 08:21:41 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि) Bhopal Crime News। राजधानी के गांधी नगर थाना क्षेत्र में छह माह पहले एक 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने फारेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अज्ञात के खिलाफ दुष्कर्म, खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। मृतका नौवीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस डीएनए सैंपल के आधार पर आरोपित की तलाश करेगी।
यह है मामला
गांधीनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार मेहर ने बताया कि क्षेत्र में परिवार के साथ रहने वाली एक किशोरी ने 13 सितंबर 2023 को अपने घर में फांसी लगा ली थी। तलाशी के दौरान पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। स्वजन के बयान दर्ज होने के बाद भी खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। नाबालिग की खुदकुशी का मामला होने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम के समय एफएसएल के माध्यम से स्लाइड सैंपल भी जांच के लिए भेजे थे। हाल ही में मिली जांच रिपोर्ट से पता चला कि किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ था। संभवत: उसके बाद व्यथित होकर उसने खुद को फंदे से लटकाते हुए खुदकुशी कर ली थी। पुलिस इस मामले में डीएनए सैंपल लेकर आरोपित की तलाश करेगी।