Bhopal News : भोपाल(नवदुनिया प्रतिनिधि)। विकास यात्रा के तहत रविवार को हुजूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर शर्मा ने लालघाटी स्थित विजयनगर में आठ करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से हुजूर एसडीएम एवं तहसील कार्यालय के नए भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। विधायक के प्रयासों से हुजूर की तहसील के बड़े क्षेत्र को विभक्त करते हुए कोलार तहसील का गठन किया गया। कुछ दिन पहले कोलार तहसील के नए भवन के निर्माण का शिलान्यास किया था। अब रविवार को हुजूर तहसील के नए भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। विधायक शर्मा ने कहा कि स्थानीय नागरिकों को भाजपा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ प्रमाणपत्र भी वितरित किए। मैंने जनता से वादा किया था कि उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।
आज हुजूर विधानसभा क्षेत्र में हर स्तर पर लोगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। चाहे विकास हो या समृद्धि, हर मोर्चे पर हुजूर की उन्नति की आज मिसाल दी जाती है। हुजूर विकास में नंबर वन बन रहा है। अब हम हुजूर विधानसभा क्षेत्र को नागरिक सुविधाओं में नंबर-एक बनाएंगे। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। रविवार को हुजूर विधानसभा की विकास यात्रा गढ़मुर्रा पहुंची। जहां विधायक रामेश्वर शर्मा ने क्षेत्रवासियों को भाजपा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ प्रदान किया। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक और युवाओं से लेकर बुजुर्गों और किसानों तक हर ओर भाजपा की जनहितैषी सरकार पर नागरिकों का प्रबल भरोसा है। सरकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत प्रेमपुरा में नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन के उद्घाटन सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रेमपुरा के निवासियों को विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के हितलाभ प्रमाणपत्र भी वितरित किए।