Bhopal News: कौशलेंद्र विक्रम सिंह बने भोपाल के नए कलेक्टर, जानिए इनके बारे में
2010 बैच के आइएएस अधिकारी हैं कौशलेंद्र विक्रम सिंह। अविनाश लवानिया को बनाया जल निगम का प्रबंध संचालक।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 04 Apr 2023 07:30:28 AM (IST)
Updated Date: Tue, 04 Apr 2023 08:20:46 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। मध्यप्रदेश शासन ने सोमवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के कुछ अधिकारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें पहला नाम भोपाल कलेक्टर और 2009 बैच के आइएएस अधिकारी अविनाश लवानिया का है, जिन्हें जल निगम का प्रबंध संचालक बनाया गया है। जबकि उनकी जगह 2010 बैच के आइएएस अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल कलेक्टर पदस्थ किया गया है।
कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बनाई थी मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना
आइएएस अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह मूलत: हरदोई, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। वह पूर्व में ग्वालियर कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे, इसके बाद उनका तबादला करते हुए उन्हें अपर सचिव, मुख्यमंत्री एवं अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम भोपाल अतिरिक्त प्रभार पदस्थ किया गया था। उन्होंने लंबे समय तक ग्वालियर में कलेक्टर का कार्यभार संभाला था, वह कांग्रेस और भाजपा दोनों के समय कार्यरत रहे। उन्होंने दिव्यांगों को राशन देने के लिए मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना की शुरुआत की थी, जिसकी खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरहाना की थी। हाल ही में उनका मुख्यमंत्री एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मान भी किया गया था।
अविनाश लवानिया ने कोरोना काल में निभाई अहम भूमिका
भाजपा सरकार बनने के बाद ही जून 2020 में 2009 बैच के आइएएस अधिकारी अविनाश लवानिया को भोपाल कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी थी। तब कोरोना महामारी जैसी चुनौती सामने थी। उन्होंने कोरोना काल में अहम भूमिका निभाई। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में तक आमजन के लिए कोरोना से बचाव के बेहतर प्रयास किए। स्वास्थ्य सेवाओं, कोरोना टीकाकरण आदि का बेहतर संचालन कराया। इससे पहले वह भोपाल निगमायुक्त, खाद्य संचालक, वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के एमडी, उज्जैन निगमायुक्त और नर्मदापुरम कलेक्टर भी रह चुके हैं।