Bhopal News: आम्रकुंज में विराजे भगवान श्रीनाथ, केसरिया छटा में प्रभु के दर्शन कर निहाल हुए श्रद्धालु
श्रीजी मंदिर हुए धार्मिक अनुष्ठान। प्रभु श्रीनाथ जी को लगाया दो क्विंटल आम का भोग। आम के विभिन्न व्यंजनों का भी भोग लगाया गया।
Publish Date: Tue, 11 Jun 2024 11:10:21 AM (IST)
Updated Date: Tue, 11 Jun 2024 11:10:21 AM (IST)

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पुराने शहर के लखेरापुरा में स्थित श्रीजी मंदिर में सोमवार को आम्रकुंज मनोरथ का आयोजन किया गया। इसमें प्रभु श्रीनाथ को केसरिया वस्त्र पहनाए गए, सिर पर केसरिया कतरा एवं मोतियों के आभूषणों से श्रृंगार किया गया। शाम को श्रीनाथ को राधारानी के संग आम व फूल-पत्तियों से बने बगीचे में विराजित किया गया। प्रभु को आम के विविध सामग्री जैसे आम रस, आम का पन्ना, आम की बर्फी, आम की कड़ी, आम एवं काजू से बनी बर्फी, आम पाक और साथ में दो क्विंटल आम का भोग लगाया गया। केसरिया छटा के बीच आम्रकुंज में विराजे प्रभु श्रीनाथ के दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो गए।
गंगा दशहरा से शुरू होंगे विशेष अनुष्ठान
मंदिर के पुजारी पंडित श्रीकांत शर्मा ने बताया कि पुष्टिमार्ग में प्रभु की सेवा में राग, भोग, शृंगार ही मुख्य है। 16 जून गंगा दशमी से प्रभु के सुखार्थ के लिए श्री यमुना जी के विविध मनोरथ प्रारंभ हो जाएंगे। मंदिर के आंगन में कुंड का निर्माण कर अलग-अलग मनोरथ किए जाएंगे। जैसे नौका विहार, यमुना पुलिन का मनोरथ, कमल सरोवर सावन-भादों का मनोरथ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रभु के भव्य नियम का आम्र मनोरथ होगा। उस दिन भी प्रभु को विभिन्न प्रजातियों के आमों का भोग लगाया जाएगा।