Bhopal News: भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत का प्रांतीय समिति समागम 12 से 14 जनवरी तक रखा गया है। नीलबड़ रोड शारदा विहार आवासीय विद्यालय में कार्यक्रम रखा गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विद्यालय में रविवार को एक बैठक रखी गई। इसमें मध्य भारत प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री निखिलेश महेश्वरी ने कहा कि इस समिति समागम में पूरे प्रांत के विद्यालयों को संचालित करने वाली समिति के पदाधिकारी एवं समस्त सदस्य आमंत्रित रहेंगे।
प्रांत में 170 समिति विद्यालयों का संचालन करती हैं जिससे 1500 समिति पदाधिकारी सम्मिलित होंगे। प्रांतीय समिति समागम शिविर की सफलता की दृष्टि से कुछ चरणबद्ध कार्यक्रम तय किए गए। इसके अंतर्गत सितंबर-अक्टूबर माह में जिला समिति सम्मेलन,नवंबर में विभाग टोली बैठक,दिसंबर में साधारण सभा, प्रबंध समिति कार्यशाला एवं सचिव प्राचार्य बैठक तय की गई। विद्या भारती शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में पिछले 72 वर्ष से कार्य कर रही है। शैक्षिक उन्नति, कार्यकर्ता विकास एवं शिक्षा को समाज उपयोगी बनाने की दृष्टि से वर्षभर चलने वाले कार्यक्रम में समिति पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान देता है। इन्हीं कार्यकर्ताओं के विकास की दृष्टि से विद्या भारती मध्य भारत प्रांत यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसमें 170 विद्यालय संचालन समितियों से 1500 समिति पदाधिकारी उपस्थित होंगे।
जैन मंदिर तुलसी नगर में पांच दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव आज से शुरू
शहर के तुलसी नगर श्वेतांबर जैन मंदिर में पांच दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव सोमवार से शुरू हो रहा है। इसमें नई मूर्तियों की प्रतिष्ठा, नाकोड़ा भैरवजी, घंटाकर्ण महावीर के मूर्ति के स्थान परिवर्तन के समस्त कार्य होने जा रहे हैं। मंदिर समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र कोठारी ने बताया श्रीसंघ की संस्थापिका साध्वी अमितगुणा के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से होगा। मंदिर को आकर्षक विद्युत साज-सज्जा के साथ सजाया गया है। अनुष्ठान को लेकर संपूर्ण समाज में विशेष उत्साह व्याप्त है। पहले दिन मूल नायक भगवान आदिनाथ की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा।