Bhopal News:संत हिरदाराम नगर,12 सितंबर नवदुनिया प्रतिनिधि। राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़ कर भोपाल की मानसी तीर्थानी ने न केवल स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सेवा की बल्कि छात्राओं को भी प्रोत्साहित किया। पढ़ाई के साथ सेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाने वाली मानसी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। मानसी का सेवा रथ रुका नहीं है। संघ लोक सेवा आयोग के माध्यम से वह देश की सेवा करने की तैयारी में जुटी है।
संत हिरदाराम कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसे सेवा की प्रेरणा मिली। 26 जनवरी 2018 में नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होकर मानसी ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को सलामी दी। इसके बाद मध्य प्रदेश की संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य भी प्रस्तुत किया। समारोह में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मानसी को सम्मानित करते हुए उत्साह वर्धन किया। मानसी के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सेवा भावना को देखते हुए उसका चयन राष्ट्रीय सेवा योजना सेवा पुरस्कार के लिए किया गया। 2020 में राष्ट्रपति के हाथों उसे राष्ट्रीय सम्मान एवं एक लाख रुपये नगद पुरस्कार प्राप्त हुआ
गांव में रहकर सेवा, फिर हुआ सम्मान
मानसी ने लगातार 3 वर्ष तक ग्राम कुराना में रहकर सेवा कार्य किए। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने गांव को गोद लिया था। इस दौरान मानसी ने धरातल पर रहकर ग्रामीण उत्थान के लिए काम किया। गांव के विकास में भी अपना सहयोग किया। मानसी ने छात्राओं को सेवा के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी मानसी का सम्मान किया। दो माह पहले उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव ने मानसी को राज्य स्तरीय राष्ट्र सेवा योजना पुरस्कार 2022 से सम्मानित किया। मानसी अब भी छात्राओं को सेवा की प्रेरणा दे रही है। मानसी का कहना है कि छात्र जीवन में पढ़ाई के साथ अच्छे संस्कार ओर सेवा करना बहुत जरूरी है।