यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal News: उधार की रकम पर व्यापारी से अनाप-शनाप ब्याज वसूलने वाला सूदखोर गिरफ्तार
2 लाख 33 हजार रुपये के मूलधन पर 15 लाख 53 हजार रुपये वसूल चुका था आरोपित। इसके बावजूद 07 लाख रुपये और मांग रहा था। आरोपित के कब्जे से लाखों रुपये के ह...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 11 Apr 2024 03:29:19 PM (IST)Updated Date: Thu, 11 Apr 2024 03:29:19 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र (इनसेट- आरोपित सूरज) भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। मिसरोद थाना पुलिस ने गुरुवार को एक व्यापारी की शिकायत पर सूदखोर आरोपित को गिरफ्तार किया है। फरियादी ने उससे कुछ रकम उधार ली थी, जिसके बदले में वह सूद समेत कई गुना ज्यादा रकम अदा कर चुका था। इसके बावजूद आरोपित उससे और रुपये वसूल करने के लिए प्रताड़ित कर रहा था। परेशान होकर उसने आरोपित की शिकायत पुलिस में की थी। पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है मामला
पुलिस के मुताबिक पेशे से व्यापारी राजेश जैन द्वारा 10 अप्रैल को थाना उपस्थित आकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें राजेश ने बताया कि उन्होंने सूरज जोगी से व्यापार के लिये 23 सितंबर 2022 से 23 दिसम्बर तक 2,33,000 रुपये उधार लिए थे। इसके ऐवज में वह मूलधन और ब्याज समेत कुल 15,53,000 रुपये सूरज के खाते में ट्रांसफर कर चुका है। इसके बाद सूरज जोगी ने कहा कि उस पर 07 लाख रुपये और बकाया है। फरियादी ने जब उससे और रुपये न होने की बात कही, तो सूरज ने उसके घर पहुंचकर उनके स्वजनों को धमकाया। मारपीट करने की धमकी देकर गंदी-गंदी गालिया दीं और चार सौ बीसी के केस में फंसाने का डर दिखाकर उससे चार ब्लैंक चेक हस्ताक्षर कराकर ले लिए। इसके बाद सूरज जोगी उससे 76,000 रुपये प्रतिमाह ब्याज के रुपये मांग कर सात लाख रुपये और देने का दबाव डालने लगा। उसकी धमकियों से परेशान होकर राजेश ने पुलिस के समक्ष गुहार लगाई। इस पर मिसरोद पुलिस ने ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 के तहत एफआइआर दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया और मंडीदीप, रायसेन में रविशंकर मंदिर के पीछे स्थित सूरज के निवास पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ कर उसके ऑफिस में ब्याज के रुपये, लेनदेन के संबंध में कई लोगों के उल्लेखित नाम वाले रजिस्टर मिले, जिसमें लाखों रुपये के लेनदेन का हिसाब किताब-लिखा हुआ है तथा फरियादी से लिए गए ब्लैंक चेक भी बरामद हुए। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।