यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal News: शहर को स्वच्छ बनाने गली-मोहल्लों में घूमे निगमायुक्त हरेंद्र नारायण
निगमायुक्त ने सफाई कार्यों की त्रुटियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 24 Mar 2024 09:36:13 AM (IST)Updated Date: Sun, 24 Mar 2024 09:36:13 AM (IST)
सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते निगमायुक्त। भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नवागत नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायण जमीनी स्तर पर नजर रख रहे हैं। वह शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के गली -मोहल्लों में घूमे और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कुछ जगह पर संतोष व्यक्त किया तो कुछ स्थानों पर गंदगी देख नाराजगी व्यक्त की। निगमायुक्त ने सफाई कार्यों की त्रुटियों को दूर करने के लिए अधिकारियों को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त यागेन्द्र पटेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
नगर निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायण द्वारा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने एवं सफाई कार्य की त्रुटियों व व्यवहारिक कठिनाईयों को दूर करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों की गलियों, मोहल्लों व मार्गों पर साफ-सफाई का निरीक्षण किया। उन्होंने चौक क्षेत्र सहित पुराने शहर की अनेक सड़कों, गलियों की बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था पर संतोष भी व्यक्त किया, वहीं अनेक क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने, कचरा, गंदगी उठवाने, तालाबों की साफ-सफाई व पार्कों का बेहतर रखरखाव करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को उच्चस्तरीय बनाने के लिए सफाई कार्यों की त्रुटियों व उन्हें दूर करने की कार्ययोजना वीडियो सहित पीपीटी के माध्यम से तैयार कर मंगलवार को प्रस्तुत करें। निगमायुक्त द्वारा आगामी सप्ताह से रहवासी व व्यवसायिक क्षेत्रों के आंतरिक मार्गों, गलियों आदि में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा।
गंदगी करने वालों पर लगाएं जुर्माना
निगमायुक्त ने कमला पार्क के सामने स्थित आइटीसी पार्क की साफ-सफाई कराने और पार्क के डस्टबिनों से कचरा निकलवाने, पार्क का बेहतर ढंग से रखरखाव करने, इकबाल मैदान की बेहतर ढंग से साफ-सफाई कराने, सदर मंजिल के सामने वाले क्षेत्र से कचरा, गंदगी साफ कराने, हमीदिया अस्पताल क्षेत्र की सड़कों के किनारे पड़े कचरे व गंदगी को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा मोतिया तालाब, नबाव सिद्दीक हसन तालाब का निरीक्षण किया और झील संरक्षण प्रकोष्ठ के अमले के साथ समन्वय कर तालाबों एवं उसके आसपास के क्षेत्रों की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही गंदगी करने वालों के के खिलाफ मौके पर ही जुर्माना की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।