यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal News: नगर निगम ने अवैध मांस विक्रेताओं पर की कार्रवाई, वसूला 15 हजार रुपये जुर्माना
बागसेवनिया थाने के पास कारीडोर में अवैध रूप से मांस-मटन का विक्रय करने वाली 13 दुकानों को हटाया।
Publish Date: Fri, 24 May 2024 01:17:13 PM (IST)Updated Date: Fri, 24 May 2024 01:17:13 PM (IST)

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर की सुंदरता एवं स्वच्छ भारत अभियान के तहत दीवारों पर कराई गई वाल पेटिंग के आसपास दीवार लेखन करने वालों व कारीडोर में अवैध रूप से सामान रख आवागमन को अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध नगर निगम सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। इसी के तहत नगर निगम के अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बागसेवनिया थाने के पास कारीडोर में अवैध रूप से मांस-मटन का विक्रय करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 दुकानों को हटा दिया और इन दुकानदारों से 15 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया है। नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायन ने निर्देश दिए हैं कि दीवार लेखन कर शहर की सुंदरता को बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गीला-सूखा कचरा अलग कर किया जाए परिवहन
शहर की साफ-सफाई व कचरा निष्पादन व्यवस्था को उच्चस्तरीय बनाने तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायन ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कचरा उत्सर्जन स्थल से ही गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखा जाए। अलग-अलग ही परिवहन किया जाए, कचरा कहीं भी न जलाएं, नाला-नालियों की बेहतर ढंग से सफाई कराई जाए। उन्होंने अवधपुरी स्थित सुलभ जनसुविधा केंद्र के निरीक्षण के दौरान जनसुविधा केन्द्र में कोई अटेंडर न पाए जाने एवं रेट लिस्ट भी नहीं लगी होने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना कराया। साथ ही वर्दी न पहनने और गुटका खाने पर दारोगा का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं ।
खुले में सीवेज बहाने वालों पर होगी कार्रवाई
शहर में खुले में सीवेज बहाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। इस आशय के निर्देश नगर निगम आयुक्त हरेंद्र नारायन ने निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, जूस के ठेले, गन्ने के रस की दुकान सहित अन्य कारोबारियों द्वारा यदि सड़कों पर गंदगी की जाती है। इसके अलावा सीवेज बहाया जाता है तो इन्हें चिह्नित कर इनके लिखाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जाए। निगमायुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छता में नंबर वन लाने के लिए हर तरह के प्रयास करना होंगे। इसके लिए भले निगम अमले को अधिक समय काम करना पड़े।