यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal News: लागत घटाने के साथ फ्यूल सेल की कार्यक्षमता बढ़ाएगी नवीन तकनीक, आइसर के विज्ञानियों का नवोन्मेष
आइसर के विज्ञानियों ने ऐसी विशेष झिल्ली तैयार की है, जो फ्यूल सेल में इस्तेमाल होने पर ऊर्जा की बचत भी करेगी। नवीन तकनीक युक्त बैटरी मोबाइल से लेकर ई-वाहनों तक के लिए होगी उपयोगी।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 13 Feb 2024 08:53:23 AM (IST)Updated Date: Tue, 13 Feb 2024 08:53:23 AM (IST)
आइसर की लैब में बैटरी पर शोध करती सहायक प्राध्यापक डा. परमिता दास और पीएचडी स्कालर पंकज कुमार।HighLights
- इससे बैटरी में हानिकारक रसायनों का उपयोग भी रुकेगा।
- इस तकनीक को बाजार में लाने के लिए संस्थान की तरफ से प्रयास किए जा रहे है।
- आइसर के विज्ञानियों का यह शोध अमेरिकन केमिकल सोसाइटी के एप्लाइड पालीमर मैटेरियल्स जर्नल में प्रकाशित हो चुका है।
अंजली राय, भोपाल। विश्व में स्वच्छ ऊर्जा को लेकर चल रहे शोध कार्यों के बीच भोपाल के भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आइसर) के विज्ञानियों ने ऐसी तकनीक विकसित की है, जो कम लागत में ऊर्जा की बचत से फ्यूल सेल की कार्यक्षमता भी बढ़ाने में मदद करेगी। इस तकनीक के अंतर्गत एक प्रोटान एक्सचेंज मेम्ब्रेन (झिल्ली) तैयार की गई है, जो फ्यूल सेल में प्रयोग की जा सकेगी। नई झिल्ली वाले सेल का उपयोग कई तरह के उपकरणों को संचालित करने के साथ इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल, कार, रोबोट और मोबाइल फोन की बैटरी में किया जा सकता है। आइसर के विज्ञानियों का यह शोध अमेरिकन केमिकल सोसाइटी के एप्लाइड पालीमर मैटेरियल्स जर्नल में 2023 में प्रकाशित किया जा चुका है।
परीक्षण के नतीजे उत्साहजनक
अभी तक बैटरी में लगने वाले सेल में नेफिओन 117 मेग्नेन नामक झिल्ली का उपयोग किया जाता है, जिसे बनाने में हानिकारक रसायनों का प्रयोग होता है। इसके अलावा यह झिल्ली महंगी भी है। इसी के विकल्प के तौर पर आइसर के रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग में विज्ञानियों ने प्रोटान एक्सचेंज मेंब्रेन तैयार की है। विभाग की सहायक प्राध्यापक डा. परमिता दास का कहना है कि प्रयोगशाला स्तर पर इस झिल्ली का परीक्षण उत्साहजनक रहा है। औद्योगिक स्तर पर उत्पादन होने पर यह कम खर्च में तैयार हो सकेगी।
ऐसे कम रहती है लागत
डा. परमिता दास के अनुसार प्रोटान एक्सर्वेज मेंब्रेन साल्यूशन कास्टिंग तरीके से बनाई गई है, जिससे लागत कम रहती है। शोध में शामिल रहे पीएचडी के छात्र पंकज कुमार का कहना है कि नेफिओन 117 मेंब्रेन की औसत कीमत 10-11 हजार रुपये प्रति 100 वर्ग सेंटीमीटर होती है। जबकि नई झिल्ली प्रयोगशाला स्तर पर करीब 20 रुपये प्रति वर्ग सेंटीमीटर तक में उत्पादित की जा सकती है। अब इस तकनीक को बाजार में लाने के लिए संस्थान की तरफ से प्रयास किए जा रहे है। डा. दास बताती हैं कि पेटेंट के लिए आवेदन कर दिया गया है। पेटेंट मिलने के बाद आइसर के इन्क्यूबेशन सेंटर की मदद से इस तकनीक को किसी कंपनी के साथ करार करके बाजार में लाया जाएगा।
हमारी फैक्शनल नैनोकंपोजिट्स लैबोरेटरी के विज्ञानियों ने यह शोध किया है। अभी जिस मेंब्रेन का उपयोग फ्यूल सेल में किया जाता है, उसकी तुलना में नई मेब्रेन न केवल लागत घटाएगी बल्कि ऊर्जा की बचत से फ्यूल सेल की कार्यक्षमता में वृद्धि भी करेगी।
- डा. परमिता दास, विभागाध्यक्ष, रासायनिक अभियांत्रिकी, आइसर भोपाल
यह शोध बहुत फायदेमंद साबित होगा। ऊर्जा उत्पादन के लिए इस मैग्रेन का कम लागत में उपयोग किया जा सकेगा। इस संबंध में हो रहे अन्य शोध को भी यह नई दिशा देगा।
- गोवर्धन दास, निदेशक, आइसर