Bhopal News: नेशनल जागरण पार्टी के प्रत्याशी के साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ने वाले बाहरी बदमाश
भोपाल दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र से नेशनल जागरण पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे केशव साहू श्याम नगर में प्रचार करने पहुंचे थे। दो लड़कों ने की मारपीट।
By Bharat Mandhanya
Edited By: Bharat Mandhanya
Publish Date: Fri, 10 Nov 2023 12:21:37 PM (IST)
Updated Date: Fri, 10 Nov 2023 12:21:37 PM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले एक प्रत्याशी के साथ हबीबगंज इलाके में दो अज्ञात युवकों ने मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ दिये। इतना ही नहीं उन्होंने प्रत्याशी के दोनों मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिए, जिससे दोनों मोबाइल टूट गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ का मामला दर्ज कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सीसीटीवी से भी नहीं मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले गए है, लेकिन आरोपित नहीं मिल पाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अंदेशा है कि आरोपित बाहरी है। उनकी तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है। पुलिस ने दावा किया किया जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।
यह है घटनाक्रम
केशव साहू (30) सोनागिरी सतनामी नगर पिपलानी में रहते हैं। वह विधानसभा क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें नेशनल जागरण पार्टी ने अपना प्रत्याशी बनाया है। केशव ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने साथियों के साथ श्याम नगर प्रचार करने पहुंचे थे। मस्जिद के पास गुमठी के पास बैठे दो लड़के उनको प्रचार करता देख उनके पास पहुंचे और अकारण ही गाली-गलौज करने लगे। केशव ने जब इसका विरोध किया तो दोनों ने उनके साथ झूमाझटकी कर दी और कुर्ता फाड़ दिया। इसके हाथ से दो मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिये, जिससे दोनों मोबाइल टूट गए। इस दौरान एक लड़का उनकी कार में जबरन बैठ गया और बाद में उतर गया। मारपीट करने वाले एक लड़के का नाम अरमान बताया जा रहा है।
पुलिस ने केशव की रिपोर्ट पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी लोकेशन पिपलानी के सोनागिरी में मिली है, वहां तलाश की, लेकिन आरोपित नहीं मिल पाए हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश में बिलखिरिया में भी पहुंची, लेकिन आरोपित वहां से भी फरार हो गए थे।