Bhopal News: बैरागढ़ में ढाई घंटे तक बंद रहा रेलवे फाटक, ब्रिज निर्माण योजना पर अमल नहीं होने से नागरिक परेशान
तकनीकी खामी के चलते आई समस्या। दोनों ओर लगी वाहनों की कतार। फाटक रोड पर लंबे समय से की जा रही अंडरब्रिज/ओवरब्रिज निर्माण की मांग।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 17 Mar 2022 02:41:57 PM (IST)
Updated Date: Thu, 17 Mar 2022 02:41:57 PM (IST)

संत हिरदाराम नगर, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी के उपनगर संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में फाटक रोड पर रोज बार-बार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। बीती रात यहां पर करीब ढाई घंटे तक फाटक बंद रहा। इससे गेट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। ओवरब्रिज या अंडरब्रिज निर्माण योजना पर अमल नहीं होने से नागरिकों को बार बार परेशान होना पड़ता है।
बैरागढ़ फाटक के दूसरी ओर करीब 50 हज़ार आबादी निवास करती है। यहां पर फाटक बंद होने से नागरिकों को बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है बीती रात करीब ढाई घंटे तक फाटक बंद रहा। रहवासी जीतू बलवा के अनुसार तकनीकी खराबी के कारण फाटक खुल नहीं पा रहा था। नागरिकों ने हंगामा किया, तब जाकर रेलवे के अमले ने फाटक की तकनीकी खराबी दूर की ओर फाटक खोला गया। इस दौरान दोनों छोर पर लंबी कतारें लग गईं। आए दिन यह स्थिति निर्मित हो रही है।
रेल सुविधा संघर्ष समिति का कहना है कि यहां पर जल्द से जल्द अंडरब्रिज का निर्माण होना चाहिए। समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि रेल प्रशासन काफी समय पहले ही अंडरब्रिज का निर्माण स्वीकृत कर चुका है लेकिन निर्माण नहीं किया जा रहा है। यह गलत बात है। लोगों को परेशानी हो रही है। रेल प्रशासन को नागरिक सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।
ओवरब्रिज के लिए भी बन चुकी है सहमति
रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए भी सहमति बन चुकी है। क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने लोक निर्माण विभाग की सेतु शाखा के माध्यम से ओवरब्रिज का निर्माण कराने की पहल की थी। उन्होंने इस संबंध में नागरिकों व व्यापारी से चर्चा भी की, ताकि ब्रिज निर्माण का विरोध ना हो। व्यापारियों ने बिना तोड़-फोड़ के निर्माण की सहमति दी थी। सहमति बनाने के 3 माह बाद भी निर्माण कार्य शुरू न होने से नागरिकों में रोष है। रहवासी जीतू बलवा का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से हम आंदोलन करेंगे, इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।