Bhopal News: बैरागढ़ बाजार में दुकानों में घुस रहा वर्षा का पानी, सीवेज लाइन चोक, निकासी का प्रबंध नहीं
तेज वर्षा होते ही सीवेज लाइनों से पानी निकलने के बजाय बाहर बहता रहता है। इससे सड़कें भी खराब हो रही हैं।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 19 Jul 2022 10:17:30 AM (IST)
Updated Date: Tue, 19 Jul 2022 10:17:30 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में उपनगर बैरागढ़ के थोक एवं फुटकर बाजार में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से वर्षा का पानी दुकानों में घुस रहा है। सीवेज लाइन चोक है। इससे वर्षा थमने के बाद भी लंबे समय तक पानी सड़क पर ही बहता रहता है। इससे सड़कें भी खराब हो रही हैं।
बैरागढ़ मेन रोड स्थित नेहरू क्लाथ मार्केट में हाल ही में हुई तेज वर्षा से अनेक दुकानों में पानी घुस गया। व्यापारियों ने दो दिन तक गीला कपड़ा बाहर रखकर सुखाया। कई व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। नगर निगम ने बाद में यहां चोक हो चुके ड्रेनेज को साफ किया। बीआरटीएस मार्ग से सटे ड्रेनेज से काफी कचरा निकला। यदि ड्रेनेज में मानसून पूर्व सफाई कर ली जाती तो पानी की निकासी आसानी से हो जाती। अब व्यापारियों ने अपने स्तर पर भी निकासी मार्ग विकसित कराया है। सर्राफा बाजार में भी पानी की निकासी के समुचित प्रबंध नहीं हैं। वर्षा होते ही पानी दुकानों के सामने भर जाता है। तेज वर्षा हुई तो दुकानों में पानी घुसना तय है। कई बार जल भराव की स्थिति निर्मित हो चुकी है।
नालियों पर कब्जा भी बड़ा कारण
फुटकर बाजार में नाले-नालियों के ऊपर कब्जा होने के कारण भी पानी की निकासी अवरूद्ध हो रही है। सीआरपी क्षेत्र में दो साल पहले बड़ा अभियान चलाकर नालियों के ऊपर से कब्जा हटाया गया था। इस अभियान के घरों में गंदा पानी घुसने की समस्या समाप्त हो गई थी। बाजार क्षेत्र में भी इस तरह का अभियान चलाने की जरूरत महसूस की जा रही है। पूर्व पार्षद भारती महेश खटवानी का कहना है कि जहां नालियों के ऊपर पक्का निर्माण है वहां कम से कम लोगों को चैंबर बनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि कचरा आसानी से निकाला जा सके। कई बार कचरे के कारण नालियां चोक हो जाती हैं। नियमित सफाई होने से पानी आसानी से निकल सकता है। कुछ इलाकों में नालियों को सीवेज लाइनों से जोड़ दिया गया है। इस कारण तेज वर्षा होते ही सीवेज लाइनों से पानी निकलने के बजाय बाहर बहता रहता है।