Bhopal News: हबीबगंज स्टेशन के सामने फ्लायओवर निर्माण में बाधक बन रही अवैध गुमठियों को हटाया
जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई। हटाए गए अवैध निर्माण। हबीबगंज नाके से गायत्री मंदिर तक बनाया जा रहा फ्लायओवर।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 01 Oct 2021 01:03:19 PM (IST)
Updated Date: Fri, 01 Oct 2021 01:03:19 PM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। शुक्रवार को राजधानी के हबीबगंज स्टेशन के सामने लगी गुमठियों को हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त रूप से की। हबीबगंज नाके से गायत्री मंदिर तक बन रहे फ्लायओवर बनाने में यह बाधक साबित हो रही थी। करीब 20 से ज्यादा भोजनालय, गुमठिया, सांची पार्लर सहित अन्य तरह के बास और बल्ली से बने स्ट्रक्चर प्रशासन ने इस दौरान हटाए। एसडीएम कोलार क्षितिज शर्मा ने बताया कि लंबे समय से यहां गुमठिया लगने से जाम करने की शिकायते आ रही थी। कई बार तो स्ट्रेक्चर तोड़ने की कार्रवाई की भी गई लेकिन वे दोबारा बना लेते थे। अब फ्लायओवर यहां से होकर गुजरना है, इसलिए शुक्रवार को सुबह से दोपहर एक बजे तक सभी तरह के स्ट्रक्चर को पूरी तरह से हटाकर जमीन लोक निर्माण विभाग को सौंप दी गई है।
सड़क हो गई सकरी, सर्विस रोड बनाने काटे जा रहे पेड़
दरअसल, राजधानी के एनएच-12 में सुभाष नगर फाटक से गुरुदेव गुप्त चौराहे तक दो बड़े प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। पहला मेट्रो और दूसरा फ्लायओवर। मेट्रो प्रोजेक्ट के चलते पिलर और फ्लाइओवर के स्पान के कारण यह सड़क संकरी हो गई है। नतीजा यह है कि सुबह और शाम के समय दफ्तर जाने और घर पहुंचने की आपा-धापी में यहां जाम की स्थिति बनती है। करीब डेढ़ किलोमीटर की इस सड़क पर जाम लगने जैसी गंभीर समस्या पर न तो स्टेट के अफसर ध्यान दे रहे है और ना ही राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी। लिहाजा रेंगते हुए ट्रैफिक से होकर शाम के समय यहां से गुजना पड़ता है। ब्रिज कॉर्पोरेशन के एसडीओ रवि शुक्ला ने बताया सुभाष नगर से गुरुदेव गुप्त चौराहे तक जाने वाली सड़क पर जाम की समस्या से निजात पाने के लिए विकल्प के तौर पर मैदामिल से लेकर गुरुदेव गुप्त चौराहे तक फ्लायओवर ब्रिज की सर्विस रोड बनाई जा रही है, ताकि जिन लोगों को मंत्रालय की तरफ जाना हो वे एमपी नगर थाने के पीछे से मंत्रालय चौराहे जा सकेंगे। करीब सात मीटर चौड़ी यह सर्विस रोड बनाई जाएगी। इधर, सर्विस रोड बनाने के लिए पेड़ काटे जा रहे है।