
Bhopal News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। भोपाल सहित मंडल के सभी स्टेशनों पर सोमवार सुबह से तगड़ी सुरक्षा कर दी है। आरपीएफ, जीआरपी के अलावा स्थानीय पुलिस की मदद ली जा रही है। भोपाल स्टेशन पर तो स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी तैनात किया है। स्टेशन से होकर गुजरने वाले प्रत्येक यात्रियों से पूछताछ की जा रही है। इस तरह रानी कमलापति, इटारसी, बीना, गुना, संत हिरदाराम नगर, हरदा, होशंगाबाद समेत सभी स्टेशनों पर चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था है।
दरअसल, अग्नि पथ योजना को लेकर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।बिहार व उत्तरप्रदेश के स्टेशनों पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं।यात्रियों में भय का माहौल है। जिसके कारण कुछ यात्री यात्रा करने से पीछे हट रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा बलों को भोपाल मंडल के होशंगाबाद स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन की आशंका थी। इसके अलावा दूसरे स्टेशनों पर भी यह स्थिति बनने के अनुमान थे। जिसे देखते हुए रेलवे ने सभी स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई है।
रविवार किया था फ्लैग मार्च
भोपाल समेत प्रमुख स्टेशनों पर रविवार को एक साथ फ्लैग मार्च किया था।जिसमें स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, कालोनियों में सुरक्षा बलों ने मार्च किया था। प्रशिक्षित श्वानों के साथ गश्त भी की थी। अनाउंसमेंट कर यात्रियों कोा सुरक्षा का भरोसा दिया था। यह भी कहा था कि भयमुक्त हाेकर यात्रा करें। आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त बी रामकृष्णा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है।
असहज स्थिति लगे तो यात्री यहां से ले मदद
- यात्रियों को ट्रेन में सफर करते समय कोई भी अप्रिय स्थिति का अंदेशा हो या स्टेशनों के आसपास लोगों के जुटने की जानकारी मिले तो रेल सुविधा नंबर 139, 100 डायल, नजदीकी आरपीएफ थाना, जीआरपी थाना, पुलिस थाना, रेलवे के अधिकृत ट्विटर हैंडल पर जानकारी दे सकते हैं। ट्रेनों में चल रहे रेलवे कर्मचारियों की भी मदद ली जा सकती है। ऐसा कररे से अप्रिय स्थिति घटने से पहले उसे रोका जा सकता है।
