Bhopal News: संगीतमय बैले में पिरोई 'आल्हा-ऊदल की महागाथा देख रोमांचित हुए दर्शक
शहीद भवन में कीर्ति बैले एंड परफार्मिंग आर्ट्स के कलाकारों द्वारा बुंदेली लोक महाकाव्य पर रचित नाटक ‘आल्हा उदल’ का मंचन किया गया। ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 07 May 2023 02:39:39 PM (IST)Updated Date: Sun, 07 May 2023 02:39:39 PM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। शहीद भवन में आयोजित एकजुट नाट्य समारोह के तहत शनिवार को कीर्ति बैले एंड परफार्मिंग आर्ट्स की ओर से नाटक ‘आल्हा उदल’ का मंचन किया गया। इस ओजपूर्ण प्रस्तुति में बुंदेलखंड अंचल की प्रसिद्घ लोक गाथा ‘आल्हा-उदल’ को बैले के रूप में पेश किया गया। इस बैले नाट्य का निर्देशन चंद्र माधव बारिक ने किया। स्व. नर्मदा प्रसाद गुप्त संकलित लोक महाकाव्य ‘आल्हाखंड’ से ‘नैनागढ़ की लड़ाई’ को बैले में शामिल किया है। लोक कथाओं के अनुसार आल्हा-उदल ने अपने जीवन में 52 लड़ाइयां लड़ी थीं। इस प्रस्तुति के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
राजा नृपाल सिंह से थी खानदानी दुश्मनी
इस नाट्य बैले में आल्हा की शादी का खंड शामिल किया गया है। इसमें दिखाया कि आल्हा-उदल की खानदानी दुश्मनी राजा नृपाल सिंह से थी। राजा नृपाल सिंह ने इस दुश्मनी के कारण अपनी बेटी की शादी की पाती आल्हा-उदल को नहीं भेजी। वहीं राजा की बेटी सुनवती ने आल्हा को संदेश भेजा कि वह उनसे प्रेम करती है। और उन्हीं से शादी करना चाहती है। तब आल्हा ने राजा नृपाल सिंह को युद्ध के लिए पुकारा। आल्हा को पता चला कि राजा नृपाल के पास ‘अमरढोल’ (जिसके बजते ही मृत व्यक्ति जीवित हो जाता है) है। वे युद्ध में अगर अमरढोल बजाते हैं तो सभी मृत व्यक्ति जीवित हो उठेंगे और उन्हें हराना मुश्किल हो जाएगा। तब आल्हा सुनवती की मदद से वह ढोल किसी अन्य स्थान पर भेज देते हैं। इसके बाद वे राजा से युद्ध करते हैं और जीत जाते हैं। हार के बाद राजा सुनवती का विवाह आल्हा के साथ कर देते हैं। इस प्रकार उन्हें उनका प्रेम मिल जाता है।
बैले के संगीत ने डाला प्रभाव
नाट्य बैले के दौरान बुंदेलखंड के लोक नृत्यों का इस्तेमाल खुशी प्रदर्शित करने के लिए किया गया है। वहीं युद्ध के समय ओडिशा के छाउ नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। साथ ही बैले में लोक, शास्त्रीय, फ्यूजन आदि संगीत का इस्तेमाल किया गया है। बैले का संगीत प्रस्तुति को प्रभावी बनाने में कामयाब रहा। दर्शकों ने कलाकारों के अभिनय को भी सराहा।