Bhopal News: आठ करोड़ से बनेगी सुभाष नगर आरओबी की थर्ड लेग, भेल इलाके की ओर जुड़ेगी, लोगों को आवागमन में होगी सहूलियत
आठ लाख लोगों को नहीं लगाना पड़ेगा दो किमी का चक्कर। अगले महीने होगा भूमिपूजन। ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 26 Mar 2023 09:22:14 AM (IST)Updated Date: Sun, 26 Mar 2023 09:22:14 AM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनधि)। भेल की तरफ से मैदामिल की ओर आने वाले लगभग आठ लाख लोगों को अब दो किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। दरअसल, अब सुभाष नगर रेलवे ओवरब्रिज की थर्ड लेग का निर्माण किया जाएगा। इसको बनाने में लगभग आठ करोड़ रुपये का खर्च आएगा। सुभाष नगर आरओबी के निर्माण से हर दिन लगभग आठ लाख लोगों को लाभ मिल रहा है, लेकिन सुभाष नगर, रचना नगर और गोविंदपुरा की तरफ आने-जाने वाले वाहनों को आरओबी से लगभग दो किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। अब थर्ड लेग सुभाष नगर विश्राम घाट की तरफ से इस ब्रिज से जोड़ी जाएगी। इसके बाद से लोगों को आवागमन में आसानी होगी।
अगले महीने होगा भूमिपूजन, पांच माह में होगी तैयार
सुभाष नगर आरओबी की थर्ड लेग का निर्माण जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसकी डिजाइन तैयार की जा रही है, जिसके बनने के बाद अप्रैल के महीने में भूमिपूजन किया जाएगा। पांच महीने में थर्ड लेग तैयार कर लोगों के आवागमन के लिए शुरू कर दी जाएगी। थर्ड लेग के लिए बजट में भी प्रविधान किया जा चुका है।
300 मीटर लंबी होगी थर्ड लेग
पीडब्ल्यूडी द्वारा पहले ही थर्ड लेग बनाने के लिए सर्वे किया जा चुका है। इसकी लंबाई लगभग 300 मीटर होगी। वहीं, लेग के निर्माण से आरओबी पर आने वाले वाहनों के बीच दुर्घटना न हो, इसके लिए 50 मीटर लंबा स्पान बनाया जाएगा। साथ ही एक रोटरी का निर्माण भी किया जाएगा।
सुभाष नगर आरओबी पर थर्ड लेग का निर्माण किया जाएगा। इसकी डिजाइन तैयार की जा रही है, जिसे लेकर शनिवार को स्थानीय विधायक, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया है। इसके बनने से लगभग आठ लाख लोगों को आवागमन में लाभ मिलेगा।
- मनोज वर्मा, एसडीएम, गोविंदपुरा