
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात सवा 12 बजे मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन हुआ। सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से लेकर रानी कमलापति स्टेशन के बीच हुए इस ट्रायल रन में भोपाल मेट्रो जब ट्रैक पर निकली, तो मेट्रो की सभी लाइटें चालू थीं।
अब तक दिन में हुआ है मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन
ज्ञात हो कि अब तक जितनी बार भी मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन हुआ है, दिन में ही किया गया, किंतु पहली बार मेट्रो ट्रेन का ट्रायल रन देर रात को किया गया। मेट्रो प्रबंधन के अनुसार रात में ट्रायल रन इसलिए किया गया ताकि ट्रेन में लगे विद्युत उपकरणों, लाइट आदि की जांच की जा सके।
ट्रायल रन का उद्देश्य सभी उपकरणों को जांचना था
इस ट्रायल रन का उद्देश्य सभी उपकरणों को जांचना रहा, ताकि कमर्शियल रन के दौरान जब मेट्रो चलाई जाए, तब यात्रियों को कोई दिक्कत न हो। ट्रायल रन के दौरान मेट्रो 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलाई गई।