यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal news: क्रिप्टो एक्सचेंज तैयार कर 10 हजार लोगों से ठगे पांच करोड़ रुपये, दो गिरफ्तार, दुबई से जुड़े तार
एक्सचेंज बनाने वाले मुख्य आरोपित की तलाश। बिटकाइन की तरह मुनाफे का झांसा देकर बनाते थे ठगी का शिकार।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 11 May 2024 01:04:33 PM (IST)Updated Date: Sun, 12 May 2024 08:54:27 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्रHighLights
- आरोपितों के खिलाफ पिछले माह एक फरियादी ने दर्ज कराई थी शिकायत।
- गिरफ्तार दोनों आरोपित एफआइआर की भनक लगने के बाद दुबई भागने के फिराक में थे
- आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड, लैपटाप और एक पीसी जब्त किया गया है।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल Bhopal Crime News। क्रिप्टो करेंसी और बिटकाइन की तरह डिजिटल काइन में वेबसाइट के माध्यम से निवेश कराने व करोड़पति बनाने का सपना दिखाकर ठगी करने वाले शातिर जालसाज मप्र के शाजापुर निवासी त्रिलोक पाटीदार और उसके साथी भोपाल निवासी अमर लाल बाधवानी को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों ने फर्जी क्रिप्टो एक्सचेंज बनाकर देशभर के करीब 10 हजार लोगों को जोड़ा और उनसे करीब पांच करोड़ रुपये की ठगी की है। क्रिप्टो एक्सचेंज बनाने वाले मुख्य आरोपित की तलाश की जा रही है। गिरोह का सीधा संपर्क दुबई से मिला है। गिरफ्तार दोनों आरोपित भी एफआइआर की भनक लगने के बाद दुबई भागने के फिराक में थे कि पकड़े गए। अब इस मामले में सेंट्रल एजेंसियों को सूचना दी जा रही है।
यह है मामला
साइबर पुलिस के मुताबिक भोपाल के कटारा हिल्स निवासी राजेंद्र विराज सिंह ने शिकायत की थी कि वेबसाइट के माध्यम से क्रिप्टो में निवेश कर रुपये को तीन गुना करने का झांसा देकर उनके एक लाख 15 हजार रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की तो सबसे पहले ग्राम बेहराबल, जिला शाजापुर निवासी त्रिलोक पाटीदार को हिरासत में लिया। वह नर्मदापुरम रोड स्थित विद्यानगर में किराए के कमरे में रह रहा था। पूछताछ में उसने क्रिप्टो एक्सचेंज से माध्यम से ठगी के धंधे का राजफाश किया। त्रिलोक ने ही बताया कि वेबसाइट को बनाने में जेके रोड पिपलानी निवासी अमर लाल बाधवानी का भी सहयोग था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक्सचेंज बनाने वाला मुख्य आरोपित हाथ नहीं आया। आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड, लैपटाप और एक पीसी जब्त किया गया है।
देशभर में बनाई 10 हजार लोगों की आइडी
शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि त्रिलोक पाटीदार गोल्ड डेजर्ट काइन नामक कंपनी का मुख्य प्रमोटर है। वह अलग-अलग राज्यों में जाकर जीडीसी काइन (ग्लोबल डिजिटल क्लस्टर काइन, जो एक नए जमाने का प्रोटोकाल है और जो डिजिटल संपत्ति को अंतरराष्ट्रीय भुगतान और अनुप्रयोगों के लिए एक केंद्र के रूप में सेवा करने की अनुमति देता है) में निवेश करने के लिए लोगों को उकसाता था। वह कहता था कि जो निवेश करेंगे, उन्हें बिटकाइन की तरह मुनाफा होगा। उसने 10 हजार लोगों को जोड़ा और उनकी आइडी तैयार की। इस तरह वह अब तक करीब पांच करोड़ रुपये ठग चुका है।
खुद का क्रिप्टो एक्सचेंज बनाकर करने लगा ठगी
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि त्रिलोक पाटीदार ने 40 लाख रुपये खर्च कर ट्रेड क्रिप्टो 24 के नाम से क्रिप्टो एक्सचेंज बनाया। इसके लिए उसने जीडीसी काइन और ट्रेड क्रिप्टो 24 एक्सचेंज का कहीं भी कोई पंजीयन नहीं कराया। यह एक्सचेंज लोगों से निवेश कराकर उनसे ठगी के लिए ही बनाया गया। आरोपित छोटे-छोटे पे-आउट करते थे। बड़े पे-आउट रोक देते थे। लोगों को लगता था कि निवेश किए गए रुपये में मुनाफा मिल रहा है। आरोपित पूरे देश में वेबसाइट का उपयोग कर ठगी कर रहे थे।
निवेश की राशि के तीन गुने का झांसा दिया
त्रिलोक पाटीदार ने राजेंद्र विराज सिंह से बेवसाइट golddesertcoin.info के माध्यम से एक लाख 15 हजार रुपये निवेश कराया और बताया कि डीजीसी काइन में निवेश करने पर उसके रुपये करीब तीन गुना हो जाएंगे। पीड़ित को जब कोई लाभ नहीं हुआ तो उसने पुलिस में इसकी शिकायत कर दी।