नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हबीबगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को लाइसेंस नवीनीकरण कराने के नाम पर महिला से एक लाख 56 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। दरअसल घटना 14 फरवरी की है, महिला ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। जहां से जीरो पर कायमी कर प्रकरण हबीबगंज थाना भेजा गया है।हबीबगंज पुलिस ने मामले में आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शिवाजी नगर निवासी 58 वर्षीय सुनीता गर्ग ने बताया कि वह साॅफ्टवेयर कंसल्टेंसी का काम करती हैं। उनको अपने ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण करना था। इसके लिए 14 फरवरी को उन्होंने गूगल पर आरटीओ की वेबसाइट पर ऑनलाइन सेवा के लिए सर्च कर रहीं थीं।
इस दौरान उनको एक मोबाइल नंबर मिला तो उन्होंने उस पर काॅल किया। जिसे एक युवक ने उठाया और पूछने पर नवीनीकरण के बारे में बताया। इस पर महिला ने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया और उसके कहने पर अव्वल एप डाउनलोड कर लिए। उसके कहने पर महिला ने बताए खातों में रुपये डाल दिए।
इसके बाद महिला ने अपना खाता देखा तो पता चला कि उनके खाते से अलग-अलग किस्त में एक लाख 56 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। तब उनको ठगी का एहसास हुआ और बैंक को सूचना दी साथ ही साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक कमल सिंह ने बताया कि साइबर से मिली सूचना के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर आराेपित की पहचान करने का प्रयास कर रही है।