यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhopal News: पैदल सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात कार ने रौंदा, मौत
ग्राम भैंसाखेड़ी में हुई घटना। घर के पास बनी मुख्य सड़क को पार कर रही थी महिला। पुलिस सीसीटीवी खंगालते हुए टक्कर मारकर भागी कार का सुराग तलाश रही।
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Thu, 12 Oct 2023 02:17:58 PM (IST)Updated Date: Thu, 12 Oct 2023 02:17:58 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। खजूरी सड़क थाना इलाके में सड़क पार कर रही एक महिला को तेज रफ्तार से आ रही अज्ञात कार ने रौंद दिया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार दोपहर की है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारकर भागी कार के बारे में जानकारी जुटा रही है।
खजूरी सड़क थाना पुलिस के मुताबिक 43 वर्षीय शीला पत्नी विकास सेन ग्राम भैंसाखेड़ी में रहती थी। वह गृहणी थी। बुधवार दोपहर के समय वह घर के पास मुख्य सड़क को पैदल पार कर रही थी। इस दौरान सड़क पर तेज रफ्तार से चल रही कार ने कुचल दिया। महिला को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वृद्धा को कुचलने वाले वाहन का डेढ़ माह बाद भी सुराग नहीं
उधर, गांधी नगर के प्रताप वार्ड में रहने वाली वृद्धा महिला को कुचलकर भागे वाहन का पुलिस डेढ़ माह बाद भी सुराग नहीं लगा सकी है। वह सुबह घर के पास टहलने के लिए निकली थी, तभी हादसे का शिकार बन गई थीं। 62 वर्षीय शकुनबाई पत्नी सत्यनारायण शर्मा गृहणी थीं। उनके पति मंदिर में पुजारी हैं। रोजाना की तरह शकुनबाई 27 अगस्त की सुबह छह बजे घर के पास टहलने निकली थीं। इस दौरान अज्ञात वाहन उन्हें कुचलकर भाग गया था। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया था।