Bhopal News: चलती ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
मूलत: झारखंड का रहने वाला था युवक। अहमदाबाद की फैक्ट्री में करता था काम। ट्रेन से गांव लौट रहा था।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 24 Aug 2022 02:59:56 PM (IST)
Updated Date: Wed, 24 Aug 2022 02:59:56 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। सूखी सेवनिया थाना इलाके में मंगलवार सुबह चलती ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूखीसेवनिया थाने के एएसआइ सुमेर सिंह उईके ने बताया कि ग्राम रख्सा, थाना देवघर, झारखंड निवासी 24 वर्षीय पंकज पुत्र हरि मांझी अहमदाबाद की एक धागा फैक्ट्री में काम करता था। मंगलवार को वह अपने साले के बेटे राजा और ठेकेदार तसलीम अंसारी के साथ ट्रेन से वापस घर लौट रहा था। सुबह करीब साढ़े सात बजे ट्रेन सूखी सेवनिया क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पंकज ट्रेन से नीचे गिर गया। सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से पंकज की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ सफर कर रहे राजा ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ दिनों से पंकज का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। इस कारण वे लोग उसे गांव छोड़ने जा रहे थे।
करंट लगने से किसान की मौत
उधर, बिलखिरिया थाने के हवलदार रूपेश यादव ने बताया कि ग्राम नरोना सांकल निवासी 45 वर्षीय राजाराम पुत्र विजय राम खेती-किसानी करते थे। मंगलवार शाम को वह अपने खेत पर पहुंचे थे। जहां पर बिजली के तार से करंट लगने के बाद वे बेहोश हो गए थे। हादसे के बाद उनके ससुर रामप्रसाद ने उन्हें हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चेक करने के बाद डाक्टर ने राजाराम को मृत घोषित कर दिया। इधर, ईटखेड़ी थाना के एएसआइ आरसी यादव ने बताया कि ग्राम परेवाखेड़ा निवासी 60 वर्षीय शाहजहां पत्नी मोहम्मद हनीफ गृहणी थी। 12 अगस्त को वह अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों ने आग में झुलस गई थी। घटना के बाद पड़ोसी ने उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर उपचार के दौरान मंगलवार को शाहजहां ने दम तोड़ दिया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।