
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नर्सिंग छात्रों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार को तनावपूर्ण हो गया। नर्सिंग काउंसिल के सामने प्रदर्शन के दौरान तीन छात्र पास की एक खाली बिल्डिंग पर चढ़ गए। छात्रों की मांग थी कि नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लंबित रिजल्ट तत्काल जारी किए जाएं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
नर्सिंग छात्रों के संगठन एनएसओ ने विभिन्न मांगों को लेकर आठ अगस्त से नर्सिंग काउंसिल भोपाल के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में छात्र धरने में शामिल हुए। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा और रिजल्ट में देरी के कारण उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में अवैध शराब का अनोखा ठिकाना, ढाबा संचालक ने पलंग के नीचे भूमिगत चैंबर में छिपाई 55 लीटर शराब
संगठन ने आंदोलन में भूख हड़ताल को भी शामिल किया है। छात्रों ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग भी पोस्टर के माध्यम से उठाई है। छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।