
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बजरिया की हाजी मुस्तफा की चाल में रविवार रात करीब तीन बजे पुलिस ने जुए के फड़ पर फिल्मी अंदाज में दबिश दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई से पहले ड्रोन उड़ाकर पूरे इलाके की निगरानी की, ताकि जुआरी भागने का रास्ता न तलाश सकें। इसके बाद करीब 30 पुलिसकर्मियों की टीम ने मकान को चारों तरफ से घेरा। घर के दरवाजे से प्रवेश का रास्ता छोड़कर पुलिस ने सीढ़ी लगाई और बालकनी के रास्ते दूसरी मंजिल पर पहुंची। यहां टीन शेड के नीचे जुआ चल रहा था।
हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही रूसी समेत कुछ जुआरी भाग निकले। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को पकड़ा। इनमें रूसी की मां फरीन, पिता शफीक खान, पत्नी महक, इलियास और नफीस शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी को प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान जुए में शामिल रूसी खान और रेलवे में पदस्थ फारूख दाद उर्फ फारूख टीसी समेत कुल 17 आरोपित फरार हो गए।
पुलिस ने मौके से 2.61 लाख रुपये नकद, चार लग्जरी कार, दो स्कूटी और एक बाइक जब्त की। इसके अलावा सात मोबाइल, दो टैबलेट, तीन कैलकुलेटर, 26 ताश की गड्डियां और जुए के हिसाब-किताब से संबंधित सामग्री मिली। मौके से क्रिकेट सट्टा खिलाने का पैनल भी बरामद किया गया है।
कार्रवाई की खास बात यह रही कि पुलिस टीम सीधे मकान पर पहुंचने के बजाय पहले ड्रोन से आसपास के इलाके की निगरानी कर रही थी। मकान की छत और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद टीम ने घेराबंदी की। पुलिस की मौजूदगी का पता चलने पर कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, लेकिन टीम ने मकान में मौजूद लोगों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में रेडीसन समेत 10 होटल-रेस्टोरेंट की रसोई में गड़बड़ी, सड़े आलू, एक्सपायरी मांस और कीड़े मिले