UCC पर भोपाल में मुस्लिम संगठनों का विरोध, शहर काजी बोले- कानून वापस लें या मुस्लिमों को इसके दायरे से बाहर रखें
भोपाल में मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने समान नागरिक संहिता का विरोध जताते हुए इसे वापस लेने या मुस्लिम समाज को दायरे से बाहर रखने की मांग की।
Publish Date: Wed, 26 Aug 2026 11:59:09 AM (IST)Updated Date: Wed, 26 Aug 2026 11:59:09 AM (IST)
UCC पर भोपाल में मुस्लिम संगठनों का विरोध। (फाइल फोटो)HighLights
- शहर काजी ने यूसीसी वापस लेने की मांग रखी।
- मुस्लिम समाज को यूसीसी से मुक्त रखने की मांग।
- विशेषज्ञों की टीम कानून के कानूनी पहलू जांच रही।
डिजिटल डेस्क। राजधानी भोपाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर मुस्लिम समुदाय की ओर से विरोध के स्वर उठने लगे हैं। शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने सरकार से मांग रखी है कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को पूरी तरह से वापस लिया जाए या फिर मुस्लिम समाज को इसके दायरे से मुक्त रखा जाए।
उन्होंने तर्क दिया कि इस कानून के लागू होने से उनको पर्सनल लॉ और संविधान से मिली धार्मिक व कानूनी स्वतंत्रता पर सीधा असर पड़ेगा।
विशेषज्ञों की टीम कर रही कानूनी पहलुओं की समीक्षा
- शहर काजी ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरकर किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन या आंदोलन की कोई रूपरेखा नहीं बनाई है। इसके बजाय, कानून के जानकारों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और विशेषज्ञों की एक टीम यूसीसी के सभी कानूनी पहलुओं की जांच कर रही है।
उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की है कि वे अपने पर्सनल लॉ के अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। दूसरों को भी इसके बारे में बताएं। जमीयत उलेमा ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
- यूसीसी के विरोध में जमीयत उलेमा ने भी अपना विरोध दर्ज कराया है। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मौलाना मजीद उद्दीन और वजी उद्दीन के नेतृत्व में भोपाल कलेक्टर को एक ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसमें इस कानून को वापस लेने की मांग की है।
- गौरतलब है कि मुस्लिम समुदाय में विवाह (निकाह), संपत्ति के बंटवारे (विरासत) और वसीयत से जुड़े सभी पारिवारिक मामले वर्तमान में उनके अपने शरिया और पर्सनल लॉ के तहत ही संचालित होते हैं, जिसे समुदाय हर हाल में बरकरार रखना चाहता है।