Bhopal Railway News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को खाने के साथ पतली सब्जी व पतला रायता परोसा जा रहा था। जिस रसोई में खाना तैयार हो रहा था, वहां गंदगी थी। रसोई के बर्तन धोने वाली जगह भी साफ नहीं थी। यह गड़बड़ी प्लेटफार्म एक पर संचालित फूड प्लाजा व सोपान रेलवे रेस्टोरेंट के संचालकों द्वारा बरती जा रही थी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने इस गड़बड़ी को बुधवार सुबह औचक निरीक्षण में पकड़ा है। इनमें से फूड प्लाजा के संचालक पर 50 हजार व रेलवे रेस्टोरेंट संचालकों पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। दोबारा गड़बड़ी मिलने पर अनुमति निरस्त करने की चेतवानी भी दी है। स्टेशन पर तीन वर्ष बाद इस तरह की कार्रवाई हुई है। प्रियंका दीक्षित सुबह करीब सवा दस बजे पहुंची थीं। पूर्व से इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। आमतौर पर जब भी अधिकारी निरीक्षण करने जाते हैं तो पहले से भनक लग जाती है और सबकुछ ठीक-ठाक कर लिया जाता है जिसके कारण गड़बड़ी पकड़ में नहीं आती है।
यहां ये गड़बड़ी मिली
सोपान रेलवे रेस्टोरेंट : सब्जी व रायता पतला मिला, फ्लाई कैचर नहीं था। रेस्टोरेंट से रोजाना सैकड़ों यात्रियों को भोजन की थाली बेची जाती है। यह काम वेंडर करते हैं। खाना रेस्टोरेंट की रसोई में ही तैयार किया जाता है। यात्रियों से एक थाली के 70 रुपये लिए जाते हैं। इसमें तीन रोटी, दो प्रकार की सब्जी, दाल, चावल, एक मीठा व रायता दिया जाता है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रियंका दीक्षित को कुछ थालियों में सब्जी व रायता पतला मिला था। मच्छर व मक्खी मारने वाला फ्लाई कैचर भी नहीं था। इस आधार पर संचालक विष्णु पांडे के खिलाफ 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। ये थालियां स्टेशन से होकर गुजरने वाली ट्रेनों व स्टेशन पर यात्रियों को बेचने के लिए तैयार करके रखी थीं।
फूड प्लाजा: रसोई व बर्तन साफ करने वाले क्षेत्र में गंदगी मिली यह फूड प्लाजा प्लेटफार्म एक पर बीचो-बीच संचालित होता है। जब वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पहुंचीं तो उन्हें रसोई में गंदगी मिली। जगह-जगह जूठन थीं। प्याज के छिलके फैले थे। मक्खियां व मच्छर हो रही थे। इसी से सटा हुआ बर्तन साफ करने वाला क्षेत्र भी गंदा था। खाने की गुणवत्ता में भी कमियां मिली हैं। इस पर संचालक आरडी शर्मा के खिलाफ 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इस फूड प्लाजा से भी रोजाना सैकड़ों यात्रियों को भोजन बेचा जाता है।
रेलवे बोर्ड को मिल रही थीं शिकायतें
रेलवे बोर्ड को ट्रेनों व स्टेशनों पर गुणवत्ताहीन खाना बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद भोपाल समेत सभी 67 मंडलों में विशेष जांच कराई जा रही है। हाल ही में आरपीएफ ने भोपाल से निशातपुरा के बीच ट्रेनों में बेची जा रही 1200 प्रतिबंधित पानी की बोतलें भी पकड़ी थीं।