Bhopal Railway News: संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय को दिया जाएगा आधुनिक रूप
प्रतीक्षालय के नवीनीकरण के साथ ही इसका विस्तार करने का भी प्रस्ताव है। स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को होेगी सहूूलियत।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sat, 23 Jul 2022 04:00:15 PM (IST)
Updated Date: Sat, 23 Jul 2022 04:00:15 PM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर रामगंज मंडी से आ रही तीसरी रेल लाइन आने में अभी एक साल का वक्त लग सकता है, लेकिन यात्री प्रतीक्षालय का नवीनीकरण इस साल के अंत तक हो जाएगा। प्रतीक्षालय को आधुनिक रूप दिया जाएगा। इस उपनगरीय स्टेशन पर अभी दो ही लाइनें हैं। प्लेटफार्म भी दो हैं। तीसरी लाइन प्रस्तावित है। रामगंज मंडी से शुरू हुआ काम तेज गति से चल रहा है। अगले साल तक तीसरी लाइन बैरागढ़ तक आने की उम्मीद है। लाइन आते ही संत हिरदाराम नगर स्टेशन पर तीसरा प्लेटफार्म भी बनाया जाएगा। इस संबंध में इंजीनियरिंग शाखा से चर्चा एवं निरीक्षण करने पिछले दिनों डीआरएम सौरभ बंदोपाध्याय ने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विवेक कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर महेंद्रसिंह एवं ए रहमान के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया था। स्टेशन पर नया भवन बनाने का भी प्रस्ताव है, लेकिन प्रतीक्षालय का नवीनीकरण सबसे पहले किया जाएगा।
रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति, पश्चिम-मध्य रेलवे के सदस्य नितेश लाल के अनुसार प्रतीक्षालय के नवीनीकरण के साथ ही इसका विस्तार करने का भी प्रस्ताव है। स्टेशन का कंट्रोल पैनल रूम प्लेटफार्म क्रमांक दो पर स्थानांतरित किया जाएगा, इससे प्रतीक्षालय का विस्तार आसान हो जाएगा।
40 साल पुराना है प्रतीक्षालय
स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण करीब 40 साल पहले हुआ था। उस समय यहां पर आधा दर्जन से भी कम ट्रेनों का स्टापेज था। वर्तमान में करीब 50 ट्रेनों का स्टापेज है। दिल्ली रूट की एक दर्जन ट्रेनें तो भोपाल स्टेशन पर जाने के बजाय संत हिरदाराम नगर से निशातपुरा होते हुए रवाना हो जाती हैं। इन ट्रेनों में कई यात्री एसी प्रथम एवं द्वितीय में यात्रा करते हैं। कई बार ट्रेन देर से आती है। यात्री जब प्रतीक्षालय में जाते हैं तो दुर्गंध से उनका सामना होता है। यात्री यहां बैठना पसंद नहीं करते। रेल सुविधा संघर्ष समिति भी लंबे समय से नया यात्री प्रतीक्षालय बनाने की मांग करती आ रही है।