Bhopal Railway News: भोपाल रेल मंडल की पहली महिला एडीआरएम रश्मि दिवाकर ने संभाला कामकाज, यात्रियों को अच्छी सुविधा देने की जिम्मेदारी
भारतीय इंजीनियरिंग सेवा 1996 बैच की रेल अधिकारी हैं रश्मि दिवाकर। एडीआरएम अशोक कुमार सिंह को उत्तर-पश्चिम रेलवे जयपुर मुख्यालय में सीएमएम बनाया।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 31 May 2022 11:24:39 AM (IST)
Updated Date: Tue, 31 May 2022 11:24:39 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। भोपाल रेल मंडल की पहली महिला एडीआरएम रश्मि दिवाकर ने कामकाज शुरू कर दिया है। उन्हें यात्रियों को अच्छी सुविधा देने की जिम्मेदारी मिली है। इसके अलावा वह एक अतिरिक्ति एडीआरएम का कामकाज भी देखेंगी। एडीआरएम रश्मि दिवाकर ने एडीआरएम रहे अशोक कुमार सिंह की जगह पदभार संभाला है। वहीं अशोक कुमार सिंह को रेलवे बोर्ड ने उत्तर पश्चिम रेलवे में मुख्य सामग्री प्रबंधक की जिम्मेदारी दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे का कार्यालय जयपुर में हैं। सिंह वहीं पदभार संभालेंगे। अशोक कुमार सिंह के नाम कोरोना जैसी महामारी के बीच साथी रेल अधिकारी व कर्मचारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करने का रिकार्ड है। मंडल में उन्हें शांत स्वभाव वाले एडीआरएम के रूप में जाना जाता रहा है।
दरअसल, प्रत्येक रेल मंडल में एडीआरएम के एक पद होते थे। रेलवे बोर्ड ने कुछ वर्ष पूर्व एक पद और स्वीकृत कर दिया था। इस तरह प्रत्येक मंडल में दो एडीआरएम होते हैं। भोपाल रेल मंडल में एडीआरएम के एक पद पर अशोक कुमार सिंह कार्यरत थे, जिनका तबादला हो चुका है। उनकी जगह रश्मि दिवाकर ने सोमवार को ही ज्वाइन किया है। वहीं एडीआरएम के एक पद पर गौरव सिंह पदस्थ थे, उनका भी कार्यकाल खत्म हो चुका था। इस बीच उन पर एक महिला रेल अधिकारी ने दुष्कर्म के आरोप लगा दिए थे। रेलवे बोर्ड ने उनका तबादला चेन्नई कर दिया है। तब से उनकी जगह खाली है, इसलिए जब तक भोपाल रेल मंडल को एक और एडीआरएम नहीं मिल जाते, तब तक रश्मि दिवाकर के पास दोहरी जिम्मेदारी रहनी है।
कई जिम्मेदारी निभा चुकी हैं रश्मि दिवाकर
रश्मि दिवाकर पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय जबलपुर में मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) के पद पर कार्यरत थीं। वह भारतीय मैकेनिकल इंजीनियरिंग सेवा 1996 बैच की रेल अधिकारी हैं। उन्होंने 2004 में सहायक यांत्रिक इंजीनियर के रूप में अहमदाबाद मंडल से रेलवे में सेवा शुरू की थी। उन्होंने इंजीनियरिंग काउंसिल लंदन से यांत्रिक इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त हासिल की है। वह पूर्व में पश्चिम रेलवे के चितरंजन लोकोमोटिव वर्कशाप, पश्चिम मध्य रेल में डीजल शेड, प्रोडक्शन (यांत्रिक), प्लानिंग (विद्युत), कोच फैक्ट्री, मुख्य सूचना अधिकारी व मुख्य कार्मिक अधिकारी (प्रशासन) जैसे महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं।