Bhopal Hindu Girls Rape Case: दुष्कर्म ब्लैकमेलिंग कांड के आरोपी फरहान के बैंक खातों में मिला 50 लाख का लेनदेन
दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपी फरहान के बैंक खातों से 50 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं। आशंका है कि यह राशि बाहरी फंडिंग और गाड़ी व्यापार से जुड़ी हो सकती है। फरहान पीड़ित छात्राओं के बैंक खातों का भी दुरुपयोग शेयर ट्रेडिंग और खरीदारी के लिए करता था।
Publish Date: Wed, 21 May 2025 09:13:24 PM (IST)
Updated Date: Wed, 21 May 2025 09:15:00 PM (IST)
आरोपी फरहान के बैंक खातों से चौंकाने वाले खुलासे। (फाइल फोटो)HighLights
- फरहान के खातों से 50 लाख का संदिग्ध लेनदेन।
- पुलिस फंडिंग पर अब तक चुप्पी साधे हुए।
- पुरानी गाड़ियों के कारोबार से जुड़ा रहा फरहान।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हिंदू छात्राओं से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग करने वाले गिरोह के आरोपियों के बैंक खातों की पड़ताल से उनकी फंडिंग के सुराग मिलने लगे हैं। जांच के दौरान मुख्य आरोपी फरहान के दो बैंक खातों से करीब 50 लाख रुपये का लेनदेन मिला है। यह लेनदेन पिछले ढाई वर्षों में किया गया है।
आरोप है कि फरहान इन रुपयों को महंगी गाड़ियों और आलीशान होटलों में खर्च कर युवतियों को आकर्षित करता था। उसके बाद उन्हें अपने प्रेमजाल में फंसाकर उनसे दुष्कर्म करता, जिसका वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेलिंग किया जाता रहा। आशंका है कि लेनदेन में बड़ी राशि इस काम के लिए बाहर से मिल रही वित्तीय मदद का हिस्सा हो सकती है।
पुलिस ने बैंक खातों में हुए इस लेनदेन और फंडिंग की आशंकाओं पर अब तक चुप्पी ही साध रखी है। करीब एक महीने की जांच के बावजूद पुलिस फंडिंग की बात से इनकार ही करती आ रही है, जबकि राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग और महिला आयोग की समिति ने आरोपियों की फंडिंग की जांच की अनुशंसा की थी। एक छात्र के बैंक खातों में महज ढाई साल में 50 लाख रुपये की राशि का लेनदेन एक बार फिर फंडिंग की ओर इशारा कर रहा है।
पुरानी गाड़िया खरीदता-बेचता था फरहान
- अब तक की जांच में सामने आया है कि फरहान पुरानी गाड़ियां खरीदता-बेचता था। पहले वह बाइकों की डीलिंग करता था, जबकि एक साल से पुरानी कारों की खरीद-फरोख्त कर रहा था। इस काम में अतीक नाम का एक युवक भी उसके साथ था।
उसके नाम से मिली छह से अधिक गाड़ियों को पुलिस ने जब्त किया है। आशंका जताई जा रही है कि बैंक खाते में मिली लेनदेन की राशि इस कारोबार से भी जुड़ी हो सकती है। शेयर ट्रेडिंग में लड़कियों का खाता
- आरोपी फरहान पीड़िताओं के बैंक खातों का उपयोग भी शेयर बाजार में ट्रेडिंग के लिए करता था। वह किसी तीसरे व्यक्ति के जरिए शेयर बाजार में पैसा लगाता। यहां लेनदेन के लिए चंगुल में फंसी छात्राओं का बैंक खाता इस्तेमाल किया जाता।
- अगर पीड़िता इसके लिए मना करती तो उनको वीडियो बहुप्रसारित करने की धमकी देकर चुप करा दिया जाता। फरहान ने एक पीड़िता के बैंक खाते से अपने लिए मोबाइल भी किश्तों पर खरीदा था। पुलिस फरहान के साथ ही पीड़िताओं के बैंक खातों की भी जानकारी खंगाल रही है।