Bhopal Smart City : भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। अर्बन एन्वॉयर्नमेंट थीम में भोपाल को चेन्नई के साथ क्लीन एनर्जी में पहला स्थान मिला है। यह पुरस्कार भोपाल को राजाभोज ताल (बड़ा तालाब) पर सोलर परियोजना विकसित करने के लिए मिला है। इस परियोजना के अंतर्गत बड़ा तालाब पर 500 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। इस प्लांट से बिजली नगर निगम के पंप हाउस को प्रदाय की जा रही है। इसके साथ ही भोपाल स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा आइएसबीटी और निगम मुख्यालय माता मंदिर पर भी सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। आइएसबीटी पर 120 किलोवॉट एवं निगम मुख्यालय पर 35 किलोवॉट का प्लांट लगा है। इसके साथ ही भोपाल देश की पहली स्मार्ट सिटी है जिसमें कार्यालयीन उपयोग के लिए ई-व्हीकल का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी कंपनी में अधिकारियों और कार्यालयीन उपयोग के लिए 10 ई-व्हीकल उपयोग कर रही है। इसके साथ ही भोपाल स्मार्ट सिटी ने देश के पहले ई-चार्जिंग कॉरिडोर भी प्रारंभ किया है। इसके अंतर्गत 120 स्थानों पर चार्जिंग स्टेश्ान बनाए जाएंगे।
इन प्रोजेक्ट से फायदा
-बड़ा तालाब में लगे 2400 सोलर पैनल : बड़ा तालाब पर 4.50 करोड़ रुपये की लागत से 2400 सोलर पैनल लगाए गए हैं। इसका फायदा यह है कि एक साल में 75 लाख रुपये की बिजली इन पैनल के जरिए एकत्रित हो सकेगी। वहीं चार साल में इस प्रोजेक्ट की पूरी लागत वसूल हो जाएगी। इस प्रोजेक्ट से ईदगाह हिल्स और श्यामला हिल्स के वाटर फिल्टर प्लांट को रोशनी मिल रही है।
- 44 लाख रुपये की लागत से आइएसबीटी बस स्टैंड पर 120 किलोवॉट का सोलर प्लांट लगाया गया है। इससे आइएसबीटी कार्यालय रोशन हो रहा है।
- माता मंदिर स्थित नगर निगम कार्यालय में 35 किलोवॉट का प्लांट भी लगाया गया, जिसकी लागत 19.11 लाख रुपये है। इन सोलर पैनल के लगने के बाद नगर निगम का बिजली बिल आना बहुत कम हो गया है।
- भोपाल देश की पहली स्मार्ट सिटी है जहां 10 ई-व्हीकल इस्तेमाल किए जा रहे हैं। सीईओ से लेकर स्मार्ट सिटी के कार्यों के लिए इन्हीं व्हीकल का उपयोग किया जा रहा है। इससे हर महीने एक वाहन पर 40 हजार रुपये का ईंधन बच रहा है। वहीं लाखों रुपये के डीजल की बचत महीने में स्मार्ट सिटी को रही है।
- राजधानी में 22 हजार एलईडी लगाई गई है। पहले हिलीयम और सोडियम सहित हेलोजन लगाए गए थे। इनका करोड़ों रुपये बिजली बिल आता था। इन एलईडी के जरिए अब बिल आधा हो गया है।
- बिट्टन मार्केट में एक करोड़ रुपये की लागत से ग्रीन एनर्जी सोलर प्लांट लगाया गया है, जिससे इस मार्केट में बिजली सप्लाई होती है।
- देश में पहली बार स्मार्ट सिटी भोपाल द्वारा चार्जिंग कॉरिडोर बन रहा है। इसके लिए शहर की 120 लोकेशनों में टर्बो चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। ई-व्हीकल को बढ़ावा देने के लिए यह कवायद की गई है। इसके अलावा पब्लिक बाइक शेयरिंग और नॉन मोटराइज्ड प्रोजेक्ट के तहत 1000 इलेक्ट्रीक बाइक लेकर स्मार्ट सिटी आ रहा है।
अब इन प्रोजेक्ट पर होगा फोकस
कल्चर थीम पर कंजर्वेशन ऑफ बिल्ट हेरिटेज के लिए सदर मंजिल को तैयार किया जा रहा है। वहीं स्क्वाडा के साथ मिलकर जल संरक्षण पर काम किया जाएगा। रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित अन्य प्रोजेक्ट की तरफ और अधिक मैकेनिज्म की तरह काम किया जाएगा। इकोनॉमी थीम के लिए भोपाल में सिंगल विंडो पर सभी तरह के बिल पेमेंट हो सकें इसके लिए भी तैयारियां की जाएंगी। सैनिटेशन थीम पर काफी काम अब तक किया गया है। इसके लिए नए-नए उपकरण खरीदकर वृहद स्तर पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। वहीं बिल्ट एन्वायरमेंट थीम के लिए भी काम किया जा रहा है। इनका एक बड़ा प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।
आदित्य सिंह, सीईओ स्मार्ट सिटी