Bhopal Sports News: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। हाकी एसोसिएशन ओडिशा ने कर्नाटक पर 2-0 से रोमांचक जीत दर्ज कर 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप पर अधिकार जमाया। वहीं झारखंड ने हरियाणा को हराकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
राजधानी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पर फाइनल मुकाबला जोरदार रहा। फाइनल मुकाबले में पहला गोल पूनम बारला की स्टिक से 34वें मिनट में निकला। ओडिशा ने इस तरह 1-0 की महत्वपूर्ण बढ़त कायम की। मैच का दूसरा गोल अशीम कंचन बारला ने 59वें मिनट में किया शानदार गोल दागाा और अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाई। मैच में दोनों टीमों की शुरूआत अच्छी रही और गोल करने के कई मौके बनाए। दोनों का डिफेंस भी बेहतरीन था, जिसकी वजह से हाफटाइम तक स्कोर गोलरहित बराबरी पर था। पूनम ने तीसरे क्वार्टर में पहला गोल करके ओडिशा को बढ़त दिलाई। इसके बाद अशीम ने दूसरा गोल किया।
झारखंड ने हरियाणा को 3-2 से पाया तीसरा स्थान
तीसरे स्थान के लिए खेला गया मुकाबला भी बेहद रोमांचक रहा। मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 3 - 2 से हराकर तीसरा स्थाान हासिल किया। झारखंड ने पहले तीन गोल कर अपनी जीत पक्की कर ली थी। इसमें दीप्ति टोप्पो ( 28वें मिनट ), अलबेला रानी टोप्पो (40वें मिनट) और बेटन डुंगडुंग (43वें मिनट) ने गोल किए। इसके बाद हरियाणा ने जोरदार वापसी की। उनकी तरफ से अमनदीप कौर ने 55वें और भारती सरोहा ने 56वें मिनट में गोल दागकर हार के अंतर को कम किया।
हाकी इंडिया के अध्यक्ष ने बांटे पुरस्कार
समापन अवसर पर विशेष अतिथि हाकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेद्रो निगमबोम्ब, मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन अभिलाष खांडेकर ने पुरस्कार वितरित किए। इस मौके पर मुख्य अतिथि डीजी लोकायुक्त राजीव टंडन, , खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता, ओलिंपियन असलम शेर खान, ओलिंपियन जलालउद्दीन रिजवी और मप्र हॉकी पुरुष अकादमी के प्रशिक्षक समीर दाद उपस्थित रहे।