Bhupendra Yadav Profile: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर अब बीजेपी एक्शन मोड में आ गई है। आज पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने चार राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना के लिए चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी घोषित कर दिए हैं। मध्य प्रदेश के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी भूपेंद्र यादव को मिली है। छात्र राजनीति से केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय करने वाले भूपेंद्र यादव मात्र सात साल की उम्र में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ गए थे। आइये जानते हैं कि भूपेंद्र यादव कौन हैं और उनका राजनीतिक सफर कैसा रहा है।
भूपेंद्र यादव मूल रूप से गुरुग्राम जिले के गांव जमालपुर के रहने वाले हैं। वे राजस्थान से राज्यसभा में दो बार पहुंच चुके हैं। उनके पिता कदम सिंह यादव रेलवे में नौकरी करते थे। वे कई वर्षों तक अजमेर में पदस्थ रहे। इसके चलते उनका पूरा परिवार राजस्थान के अजमेर ही वर्षों तक रहा। भूपेंद्र यादव ने स्कूल से लेकर कालेज तक की शिक्षा राजस्थान में ही ग्रहण की। 1993 में सेवानिवृत्ति के बाद परिवार पैतृक गांव में रहने लगा।
भूपेंद्र स्कूल में पढ़ाई करने के साथ ही संघ से जुड़े रहे। संघ के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। कालेज में आने के बाद छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए थे। कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह धीरे-धीरे भाजपा की राजनीति में सक्रिय होने लगे थे। कई वर्षों तक अधिवक्ता परिषद में काम किया। फिर भाजपा के राष्ट्रीय बने। इसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। धीरे-धीरे आगे बढ़ते रहे।
पिछले कुछ वर्षों के दौरान भूपेंद्र यादव की पहचान भाजपा के गिने चुने रणनीतिकारों में हो चुकी है। संगठन में उनके पास राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी भी रही है। वह बिहार जैसे राज्य के प्रभारी भी रह चुके हैं। बिहार में पार्टी की सत्ता वापसी में उनकी विशेष भूमिका मानी गई थी।