राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल: भाजपा जिला अध्यक्षों की 35 से 40 नामों की सूची मंगलवार को जारी की जाएगी। इसकाे लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में दो घंटे तक मंथन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने जिला अध्यक्षों के नामों पर विचार-विमर्श किया।
सूची फाइनल हो गई है, इसे स्वीकृति के लिए दिल्ली भेजा गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली से भी सूची शामिल नामों को स्वीकृति मिल गई है। नामों की सूची सोमवार को जारी की जानी थी, लेकिन कुछ नामों पर सहमति नहीं बनने के कारण सूची रोक दी गई।
भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले मप्र के 12 जिला अध्यक्ष बदले थे। इसमें छतरपुर, पन्ना, मऊगंज, मैहर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पाढुर्णा, हरदा, इंदौर ग्रामीण, बुरहानपुर, बड़वानी और रतलाम में नए जिला अध्यक्ष बनाए गए। ऐसे में इनमें से अधिकांश जिलों में जिला अध्यक्षों को पुन: मौका दिया जा सकता है।
यह भी पढ़ें -छत्तीसगढ़ में भाजपा ने घोषित किए जिलाध्यक्ष… नारायणपुर की कमान महिला को
बताया जा रहा है कि भाजपा ने संभागवार सामाजिक और राजनीतिक समीकरण साधने का प्रयास किया है। प्रत्येक संभाग में तीन से आठ जिले हैं। इसमें एसटी, एससी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के अलावा महिला को मौका देने का प्रयास है। हालांकि जहां महिला सांसद व महापौर है, वहां पुरुष को ही जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा।