
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में आदिवासी वर्ग के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी योजना तैयार की है। पार्टी बिरसा मुंडा की जन्म जयंती जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर से विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान वर्ष 2028 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा। इसके तहत घर-घर जाकर सरकार की योजनाएं बताई जाएंगी और आदिवासी समाज से सीधा संवाद किया जाएगा।
भाजपा ने इस अभियान के लिए आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित प्रदेश की 47 विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। पार्टी ने इन विधानसभा क्षेत्रों को पिछले विधानसभा चुनाव के परिणाम के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा है और उसी के अनुसार जनसंपर्क और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की है।
पहली श्रेणी में वे सीटें रखी गई हैं, जहां भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी श्रेणी में वे सीटें हैं, जहां पार्टी कम अंतर से जीती थी। तीसरी श्रेणी में आदिवासी बहुल वे सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी हार गई थी या बहुत कम मतों से जीत पाई थी। यानी भाजपा उन क्षेत्रों पर सबसे ज्यादा मेहनत करेगी जहां उसकी स्थिति कमजोर रही है।
उल्लेखनीय है कि 2023 के विधानसभा चुनाव में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 47 सीटों में से भाजपा ने 24 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस ने 22 सीटें जीती थीं और भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट पर कब्जा जमाया था। इस चुनावी परिणाम को देखते हुए भाजपा ने आदिवासी क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने की कार्ययोजना बनाई है।
अभियान के लिए विधानसभा प्रभारियों से जातिगत समीकरण सहित क्षेत्र के अन्य राजनीतिक और सामाजिक तथ्यों की जानकारी मांगी गई है। जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और लोगों से फीडबैक भी लेंगे।
भाजपा का प्रयास है कि जनजातीय गौरव सप्ताह 11 से 18 नवंबर और इसके बाद होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से आदिवासी समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की सक्रियता बढ़ाई जाए। पार्टी आदिवासी नायकों, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास को भी इस अभियान में प्रमुखता देगी।
इस अभियान को लेकर पिछले एक सप्ताह में तैयारियां तेज हो गई हैं। तीन नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला पदाधिकारियों को संबोधित किया था।
चार नवंबर को प्रदेश कार्यालय में मोर्चा के जिला मीडिया और इंटरनेट मीडिया प्रभारियों की कार्यशाला आयोजित की गई। पांच नवंबर को मुख्यमंत्री आवास में अनुसूचित जनजाति वर्ग के सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों का सम्मेलन हुआ।
आगे की कार्ययोजना में 16 और 17 नवंबर को जनप्रतिनिधि प्रदेश के अनुसूचित जनजाति छात्रावासों में संपर्क करेंगे। वहीं 18 नवंबर को जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें आदिवासी समाज के प्रमुख लोगों से संवाद होगा।