
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। विपक्ष द्वारा थोड़ी-सी भीड़ जुटाकर झूठे नैरेटिव गढ़ने की कोशिशों पर अब भाजपा सिर्फ बचाव नहीं करेगी। पार्टी अब जनता के बीच जाकर इसका जवाब देगी। इसके लिए भाजपा 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र छोड़ो' अभियान शुरू करने जा रही है। यह अभियान राष्ट्रीय स्तर से लेकर बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। पार्टी का साफ कहना है कि कुछ हजार लोगों को लेकर सोशल मीडिया पर हल्ला करने को जनमत नहीं कहा जा सकता।
पार्टी सूत्रों के अनुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे पर अब पार्टी विपक्ष के हर आरोप का तथ्यों के साथ खंडन करेगी। जनता के बीच सच्चाई रखी जाएगी। रणनीति यह है कि केवल सफाई देने के बजाय विपक्ष के भीड़तंत्र और भ्रम फैलाने की राजनीति को ही कठघरे में खड़ा किया जाए। भाजपा का कहना है कि अब तक पार्टी SIR पर जवाब दे रही थी, अब सवाल पूछेगी कि फर्जी वोटर किसने बनवाए।
यह अभियान 24 अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलेगा। मध्य प्रदेश में इस अभियान की तैयारी के लिए गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में बैठक होगी। भाजपा नेताओं के अनुसार वर्ष 2002 के बाद पहली बार देशव्यापी SIR हो रहा है। बिहार में 65 लाख फर्जी नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, जबकि मध्य प्रदेश से भी 22 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। पार्टी का मानना है कि फर्जी वोटर हटाना लोकतंत्र बचाना है और SIR को रोकना भीड़तंत्र है।
पार्टी इस अभियान में राष्ट्रीय स्तर पर पत्रकारवार्ता करेगी और चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपेगी। राज्य स्तर पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बुद्धिजीवी सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे और संवाद कार्यक्रम होंगे। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी व अन्य को ऐसे झूठ का जवाब देना अनिवार्य हो गया है। अभियान में आपातकाल और 1984 के दंगों का मुद्दा भी उठाया जाएगा।