राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। स्वाधीनता दिवस के मौके पर मप्र में भाजपा तिरंगा यात्रा निकालने जा रही है। हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर तक समितियां काम करेंगी। मंगलवार को इसी सिलसिले में भाजपा के प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें तिरंगा अभियान की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
LIVE: भोपाल, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) August 6, 2024
प्रदेश प्रभारी डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारा तिरंगा सारी दुनिया में लहरा रहा है, स्वतंत्रता दिवस पर इसे हर-घर में लहराएं। प्रदेश के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने कहा कि विभाजन की विभीषिका के बारे में युवा पीढ़ी को जानकारी नहीं है। अभियान के दौरान युवाओं को इसकी जानकारी दी जाएं।
बैठक के दौरान प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेंद्र शुक्ल मंचासीन रहे। बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रदेश के मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा हर-घर तिरंगा अभियान के जिला प्रभारी व सह-प्रभारी उपस्थित रहे।
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि हर-घर तिरंगा अभियान के लिए तिरंगों की उपलब्धता के लिए स्व सहायता समूह की बहनों का भी सहयोग लें। अन्य प्रतिष्ठानों से भी तिरंगे ध्वज लेकर उन्हें जनता को उपलब्ध कराया जा सकता है। इस अभियान का उपयोग हमें युवाओं को विभाजन की विभीषिका की जानकारी देने के लिए करना है। यह अत्यंत मार्मिक विषय है, लेकिन अधिकांश युवाओं को उस समय के घटनाक्रम और त्रासदी की जानकारी नहीं है। शिवप्रकाश ने कहा कि युवाओं को तथ्यपरक जानकारी दी जा सके, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता स्वयं अध्ययन करें।
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया में कई देश हमारे साथ या हमारे बाद आजाद हुए, लेकिन आज बांग्लादेश, पाकिस्तान और श्रीलंका के लोकतंत्र की बदहाली सबके सामने है। भाजपा जैसी राष्ट्रीय भावना जागृत करने वाले दल ही लोकतंत्र को मजबूत करते हैं। 15 अगस्त को हर जिले में प्रभारी मंत्री तिरंगा फहराएंगे। 10 अगस्त को प्रदेश के 25 हजार स्थानों पर एक साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया जाएगा। लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रुपये के अतिरिक्त 250 रुपये की राशि उपहार के तौर पर भेजी जाएगी। बारिश या अन्य कोई आपदा की स्थिति में फसलों को लेकर हमारी सरकार आपदा सर्वे को डिजिटल करने जा रही है। इसके तहत दो लोगों को जिम्मेदारी दी जाएगी जिनके पास मोबाइल कैमरा होगा, ताकि सारी जानकारी सही समय पर मिल सके।
- 7 व 8 अगस्त को जिला स्तर एवं 9 व 10 अगस्त को मंडल स्तर की बैठकें आयोजित की जाएगी।
- पूरे प्रदेश में अभियान को लेकर पत्रकारवार्ता की जाएंगी।
- नगरीय क्षेत्रों में सात अगस्त को तथा ग्रामीण निकाय क्षेत्रों में आठ और नौ अगस्त को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित होंगी।
- युवा मोर्चा 11, 12 व 13 अगस्त को प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्राओं का आयोजन करेगा।
- 12, 13, 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों के स्मारकों पर माल्यार्पण होगा।
- 14 अगस्त को सभी जिलों में भारत विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा, विभाजन की त्रासदी को दिखाने वाली प्रदर्शनियों, गोष्ठियों तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
- अभियान को प्रदेश के सभी 64,523 बूथों तक पहुंचाने और इसे ऐतिहासिक एवं प्रभावी बनाने का प्रयास होगा।
- अभियान में होने वाली गतिविधियों को सरल एवं संगठन एप पर अपलोड किया जाएगा।