
नवदुनिया प्रतिनिधि, बीना। बीना के एक होटल में डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय सागर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र अमन प्रजापति उम्र 21 वर्ष का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस की जांच में साइबर ठगी और आनलाइन ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है।
प्रारंभिक जांच और स्वजनों के अनुसार अमन पिछले कई महीनों से संदिग्ध विदेशी नंबरों और डिजिटल लोन एजेंट्स के संपर्क में था। इस दौरान उसे पाकिस्तानी नंबरों से फोन आते थे, उसे लोन रिकवरी के नाम पर डराया-धमकाया जा रहा था। हालांकि पुलिस मुख्य मोबाइल फोन का लाक खुलवा रही है जिसके बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।
अशोकनगर जिले के औडेर गांव निवासी अमन प्रजापति का शव शनिवार सुबह बीना की छोटी बजरिया स्थित लक्ष्मी लाज के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला था। वह सागर विश्वविद्यालय में बीटेक अंतिम वर्ष का छात्र था। होटल में ठहरने के दौरान उसने कर्मचारियों से सुबह प्रयागराज जाने वाली ट्रेन के लिए जगाने की बात कही थी।जब सुबह कर्मचारी पहुंचा तो दरवाजा नहीं खुला। काफी आवाज देने के बाद खिड़की से देखा तो अमन फंदे पर लटका मिला।
मृतक के बड़े भाई सुनील प्रजापति ने बताया कि 7 जुलाई को उनके भाई प्रीतेश प्रजापति की शादी है, जो विदिशा में शिक्षक हैं। शादी की तैयारियों के बीच अमन और प्रीतेश को साथ घर पहुंचना था। 2 जुलाई की सुबह अमन सागर स्थित कमरे से बिना बताए निकल गया था और अपना मोबाइल भी वहीं छोड़ गया। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो गोपालगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
सुनील के मुताबिक घर में मिले मोबाइल में लगी मुख्य सिम टूटी हुई थी। मोबाइल में मौजूद दूसरी सिम को दूसरे फोन में लगाकर जब चालू किया गया तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। इंटरनेट मीडिया चैट और काल डिटेल्स से पता चला कि दिसंबर 2025 से वह पाकिस्तान के नंबरों के संपर्क में था।
स्वजनों का दावा है कि अमन करीब 40 से 45 हजार रुपए भी दे चुका था। आशंका है कि वह किसी आनलाइन प्लेटफार्म या साइबर ठगी के जाल में फंस गया था, जिसके बाद उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। जिससे वह तनाव में था, लेकिन उसने कभी अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की। उसकी स्थिति का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने बीटेक के दो सेमेस्टर की परीक्षाएं भी नहीं दी थीं।
अमन चार भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई प्रीतेश प्रजापति की 7 जुलाई को शादी होना है और घर में उत्सव की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच अमन के लापता होने और फिर मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। शादी का माहौल अब मातम में बदल गया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में अनोखा अस्पताल: न जमीन, न भवन... फिर भी कागजों पर तैनात है डॉक्टरों और नर्सों का 87 सदस्यीय स्टाफ
मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया गया है जिसे जांच में लिया गया है। वहीं स्वजनों के बयानों और अन्य सिम से मिले काल रिकार्ड, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साइबर फ्राड और ब्लेकमेलिंग के बिंदुओं पर भी जांच जारी है।- आरके जोरम, चौकी प्रभारी, छोटी बजरिया, बीना