बाइक सवार दंपती को बस ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत, पति घायल
बाइक सवार दंपती एक रिश्तेदारी में बैरसिया गए थे। सोमवार रात वहां से लौटते समय नरेला गांव में स्थित पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार बस ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर घायल महिला व उसके पति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर चले इलाज के बाद महिला की मौत हो गई।
Publish Date: Tue, 22 Oct 2024 03:52:52 PM (IST)
Updated Date: Tue, 22 Oct 2024 03:52:52 PM (IST)
बाइक दुर्घटना (प्रतीकात्मक चित्र)HighLights
- बैरागढ़ के मछली बाजार क्षेत्र में रहती थी मृतका।
- अस्पताल में भर्ती पति की हालत खतरे से बाहर।
- टक्कर मारने वाले वाहन चालक की तलाश जारी।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के बैरसिया थाना इलाके में बाइक से जा रहे एक दंपती को ग्राम नरेला पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार से जा रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। सोमवार रात हुए इस सड़क हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला की मौत हो गई, उसका पति घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायमी के बाद मामले को विवेचना में ले लिया है। बस चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का केस दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घर लौट रहे थे पति-पत्नी
बैरसिया थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि बैरागढ़ के मछली बाजार क्षेत्र में रहने वाली 45 वर्षीय रानी अपने पति जीतेंद्र यादव के सोमवार को रिश्तेदारी में बैरसिया आई थी। रात को पति-पत्नी बाइक से वापस भोपाल लौट रहे थे। रात लगभग पौने आठ बजे वे लोग नरेला गांव में स्थित पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार से आ रही बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दंपती बाइक समेत उछलकर दूर जा गिरे। गंभीर घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए एंबुलेंस से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां कुछ देर तक चले इलाज के बाद रानी की मौत हो गई। वहीं अस्पताल में भर्ती जीतेंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मोड़ पर बाइक फिसली, पीछे बैठे युवक की मौत
उधर, श्यामला हिल्स थाना इलाके में मोड़ पर तेज रफ्तार होने से बाइक फिसल गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौत हो गई। चालक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। श्यामला हिल्स थाना पुलिस के मुताबिक आरिफ नगर निवासी 24 वर्षीय इमरान पुत्र सलीम खान ट्रांसपोर्ट पर ट्रक से सामान उतारने का काम करता था। रविवार रात आठ बजे वह अपने दोस्त के साथ बाइक से कमला पार्क के पास से गुजर रहा था। रफ्तार अधिक होने से मजार के पास मोड़ पर बाइक फिसल गई थी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को राहगीरों ने उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया था। उपचार के दौरान सोमवार दोपहर लगभग दो बजे इमरान की मौत हो गई। उसके दोस्त की हालत भी नाजुक बनी हुई है।