_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। होली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर बस आपरेटर मनमाना किराया वसूल रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पुलिस अफसरों को अवैध वसूली रोकने के सख्त आदेश दिए जाने के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग ऐप्स पर किराया सामान्य से चार से पांच गुना अधिक नजर आ रहा है। भोपाल से लखनऊ का किराया 8,899 रुपये तक पहुंच गया है, जो सामान्य दिनों में महज 1,400 से 1,800 रुपये रहता है।
सामान्य दिनों में भोपाल से सतना और रीवा का सफर 900 से 1,200 रुपये में पूरा होता है, लेकिन वर्तमान में रेड बस जैसे ऐप्स पर सतना का किराया 4,500 रुपये और रीवा जाने वाली बसों में 6,000 रुपये तक वसूला जा रहा है। इसी तरह भोपाल से मुंबई के लिए रतन टूर एंड ट्रैवल्स 6,006 रुपये तक चार्ज कर रहा है।
मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के महामंत्री जय कुमार जैन के अनुसार, आल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली गाड़ियां अवैध रूप से अधिक किराया वसूल रही हैं, जिन पर कोई नियंत्रण नहीं है। वहीं, आरटीओ जितेंद्र शर्मा का कहना है कि यात्री अधिक किराये की शिकायत सीधे कार्यालय में कर सकते हैं। हालांकि, विभाग का ऑनलाइन ऐप्स पर सीधा नियंत्रण न होना यात्रियों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है।
यह भी पढ़ें- MP में आठ नए मेडिकल कॉलेज के लिए 490 करोड़ मंजूर, 2028 तक होंगे शुरू, भारत सरकार प्रति संस्थान देगी 70 करोड़