दीपावली पर यात्रियों पर दोहरी मार; ट्रेनों में लंबी वेटिंग, भोपाल में बस का टिकट फ्लाइट से भी महंगा
ट्रेनों में सीटें फुल होने का फायदा निजी बस ऑपरेटर उठा रहे हैं। भोपाल-अहमदाबाद रूट पर लग्जरी बस का किराया सात हजार और भोपाल-रीवा में पांच हजार रुपये तक पहुंच गया है।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 08:46:44 AM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 08:56:24 AM (IST)
त्योहारी सीजन में बसों में टिकट के दाम बढ़ने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। फोटो- एआई से तैयारHighLights
- दीपावली पर बस किराया सामान्य से तीन से पांच गुना महंगा
- भोपाल-ग्वालियर रूट पर बस टिकट 10 हजार रुपये तक पहुंचा
- रेलवे चलाएगा पांच स्पेशल ट्रेनें, दो एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दीपावली पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने इस बार सफर की दोहरी मुश्किल है। एक ओर भोपाल से विभिन्न शहरों के लिए चलने वाली ज्यादातर ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं और वेटिंग की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर निजी बस आपरेटरों ने त्योहार के नाम पर किराया कई गुना बढ़ा दिया है।
ऐसे में कन्फर्म रेल टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों को मजबूरी में बस या फ्लाइट का विकल्प चुनना पड़ रहा है। कुछ रूट पर बस का किराया हवाई टिकट से भी ज्यादा हो गया है।
बसों ने बढ़ाया किराया
भोपाल-अहमदाबाद रूट पर फ्लाइट का टिकट 5,500 से 6,500 रुपये के बीच दिख रहा है, जबकि अन्य ट्रैवल्स की लग्जरी बस का किराया 7,000 रुपये तक पहुंच गया है। यानी बस का टिकट फ्लाइट से करीब आठ से 27 प्रतिशत तक महंगा हो गया है। भोपाल-रीवा रूट पर फ्लाइट का टिकट करीब 3,700 रुपये है, जबकि स्लीपर बस का किराया 5,000 रुपये मिल रहा है।
यह हवाई टिकट से करीब 35 प्रतिशत ज्यादा है। भोपाल-ग्वालियर रूट पर जय भवानी ट्रैवल्स की बस का टिकट 10 हजार रुपये तक है।
बस का किराया एक नजर
| रूट | सामान्य दिनों में किराया | दीपावली पर किराया |
| इंदौर से ग्वालियर | ₹900 - ₹1,000 | ₹3,500 - ₹5,000 |
| इंदौर/भोपाल से जयपुर | ₹700 - ₹900 | ₹3,500 - ₹4,000 |
| इंदौर से जबलपुर | ₹800 - ₹1,100 | ₹3,500 - ₹5,000 |
| भोपाल/इंदौर से रीवा/वाराणसी | ₹1,000 - ₹1,200 | ₹4,000 - ₹5,700 |
त्योहारों पर पांच स्पेशल ट्रेनें, दो एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच
दीपावली और त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे रानी कमलापति स्टेशन से रीवा, गोरखपुर और दानापुर के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। रीवा स्पेशल पांच नवंबर, गोरखपुर स्पेशल सात नवंबर और दानापुर स्पेशल 11 नवंबर को रवाना होगी। इसके अलावा पुणे-दानापुर स्पेशल एक से 13 नवंबर के बीच नौ फेरे लगाएगी, जबकि तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल नौ और 16 नवंबर को चलेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस में नवंबर में अतिरिक्त सामान्य कोच और बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस में निर्धारित अवधि के दौरान अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।
ऑनलाइन प्लेटफार्म पर दिखाए गए किराए और बस ऑपरेटरों की ओर से मांगी जाने वाली रकम में अंतर रहता है। कुछ जगह नकद भुगतान का दबाव भी बनाया जाता है। भोपाल से कोटा और पुणे के किराए में भी बड़ा अंतर है। ट्रेनों में सीटें फुल होने से महंगी बस या फ्लाइट से सफर करने का विकल्प तलाश रहे हैं- गौरव सिंह, यात्री
निजी अनुबंध वाली बसों में मनमाना किराया वसूलने के मामले सामने आते हैं। विभाग की ओर से रोजाना यात्रियों से पूछताछ कर जांच की जा रही है। शिकायत मिलने या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से अपील है कि किराए संबंधी समस्या होने पर विभाग में शिकायत दर्ज कराएं।- जितेंद्र शर्मा, आरटीओ, भोपाल