
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नई परिवहन नीति के विरोध में दो मार्च से पूरे प्रदेश में बस सेवाएं ठप होने जा रही हैं। मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन के बैनर तले मध्य प्रदेश के सभी निजी बस संचालकों ने अपनी बसों के पहिए जाम करने का ऐलान किया है। बस ओनर्स एसोसिएशन का कहना है कि 24 दिसंबर 2025 को राज्य सरकार द्वारा जारी की गई नई परिवहन नीति निजी बस ऑपरेटरों के हितों के खिलाफ है।
एसोसिएशन के अनुसार, सरकारी बस परिवहन को दोबारा शुरू करने, किराए में बढ़ोतरी और टैक्स में इजाफे से निजी बस संचालकों पर सीधा आर्थिक दबाव पड़ेगा। एसोसिएशन ने साफ किया है कि दो मार्च से पूरे मप्र में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी, जिससे यात्री बस सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहेंगी। संगठन का आरोप है कि निजी कंपनियों को बस संचालन की अनुमति देने से हजारों निजी बस ऑपरेटर और उनसे जुड़े कर्मचारी बेरोजगार हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- MP में 34.25 लाख मतदाता हटने से बढ़ी चिंता, BLA बूथवार करेंगे तलाश, घर-घर जाकर नामों का होगा मिलान
हड़ताल की रणनीति को लेकर सागर में मध्य प्रदेश बस ओनर्स एसोसिएशन की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें रायसेन जिला सहित कई जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में सरकार से नई परिवहन नीति पर पुनर्विचार की मांग की गई। बस ओनर्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।