
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सागर जिले की बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। यहां की विधायक निर्मला सप्रे पर दल-बदल का आरोप है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने चार नवंबर को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को निर्मला सप्रे के दल-बदल मामले में 60 दिन में निर्णय करने के निर्देश दिए हैं।
संभावना जताई जा रही है कि विधानसभा के सात दिसंबर से प्रारंभ हो रहे शीतकालीन सत्र के बाद निर्णय हो जाएगा। चूंकि निर्मला सप्रे भाजपा के साथ ही दिखाई दे रही हैं और कांग्रेस उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं, इसलिए उपचुनाव की संभावना बनती दिख रही है।
उधर, भाजपा ने चुनाव की तैयारी प्रारंभ कर दी है। राज्यसभा सदस्य रजनीश अग्रवाल ने निर्मला सप्रे और वर्ष 2023 का विधानसभा चुनाव उनसे हारने वाले भाजपा के पूर्व विधायक महेश राय के साथ बैठक भी की। दरअसल, निर्मला सप्रे के भाजपा के साथ आने के बाद संभावित उपचुनाव की स्थिति में टिकट की दावेदारी और स्थानीय नेतृत्व के बीच तालमेल बैठाना पार्टी के लिए एक बड़ा विषय बना हुआ है।
इसी तल्खी को दूर करने के लिए रजनीश अग्रवाल बीना गए थे। पार्टी का यह कदम ही उपचुनाव की आहट प्रतीत हो रहा है। उधर, कांग्रेस की उपचुनाव को लेकर मैदानी स्तर पर कोई तैयारी नजर नहीं आ रही है और पार्टी ने कोई समिति भी नहीं बनाई है, जैसी दतिया उपचुनाव को लेकर बनाई गई थी।
बता दें, निर्मला सप्रे 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बीना सीट से विधायक चुनी गई थीं, लेकिन लोकसभा चुनाव के दौरान मई 2024 में उनके भाजपा के मंच पर दिखने के बाद दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता याचिका दायर की गई थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बाइक और कार की जोरदार टक्कर, एक की मौत और 2 घायल, ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे तीन दोस्त
पूर्व मंत्री रामनिवास रावत की उपचुनाव में हार के बाद भाजपा बीना उपचुनाव करवाने से कतरा रही थी। रामनिवास भी वर्ष 2023 में कांग्रेस की टिकट पर विजयपुर से विधायक बने थे और लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान विधानसभा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्हें मोहन सरकार में वन मंत्री बनाया गया था।
जब उपचुनाव हुआ तो भाजपा प्रत्याशी के रूप में रामनिवास चुनाव हार गए थे। इसके बाद ही भाजपा ने निर्मला सप्रे के मामले को लंबा खींचना उचित समझा। कांग्रेस लगातार यह आरोप लगाती रही है कि विजयपुर की हार के बाद भाजपा उपचुनाव का सामना करने से बच रही है और इसी वजह से निर्मला सप्रे की अयोग्यता याचिका पर निर्णय में देरी हुई।