
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य निर्वाचन आयोग ने आगर मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद को छोड़कर बाकी सभी नगरीय निकायों के उपचुनाव स्थगित कर दिए हैं। मंगलवार को यह निर्णय कलेक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया। जिसमें बाढ़ और सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया।
सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष का चुनाव हाई कोर्ट के निर्देशानुसार कराना अनिवार्य है। त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि नया कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ मंगलवार से नामांकन पत्र जमा करने थे। सुसनेर नगर परिषद के अध्यक्ष और पंचायतराज संस्थाओं के लिए नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो गई, 29 सितंबर को मतदान होगा। शेष निकायों में चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं।
टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़, धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद के साथ, नगर निगम इंदौर के वार्ड 58 और 60, नगर निगम ग्वालियर के वार्ड पांच, नगर निगम सागर के वार्ड 11, नगर निगम कटनी के वार्ड 41, नगर निगम खंडवा के वार्ड 34, नगर पालिका दमोह के वार्ड 12, इटारसी के वार्ड 30, मुलताई के वार्ड चार, दतिया के वार्ड एक, कोतमा के वार्ड 13, आष्टा के वार्ड चार और विदिशा के वार्ड 26 के पार्षद पद का उप निर्वाचन स्थगित किया गया है।
यह भी पढ़ें- विदिशा में 11 हजार घरों में पहुंचा नोटिस, नगर पालिका का 50 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया, भुगतान को उमड़े लोग
इसी तरह नगर परिषद फूफ के वार्ड आठ, चाकघाट के वार्ड दो, लोहारदा के वार्ड 10, कोटर के वार्ड आठ, जैतवारा के वार्ड 10, सिलवानी के वार्ड तीन, बड़ौदा के वार्ड 14, बरघाट के वार्ड छह, कसरावद के वार्ड आठ, पिपलिया मंडी के वार्ड 15, बड़वानी जिले के निवाली बुजुर्ग में वार्ड सात और नगर परिषद कुक्षी के वार्ड 14 के लिए चुनाव होना था।