
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर के पॉश इलाके अरेरा कालोनी में चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक डाक्टर की कार चोरी कर ली। वारदात ई-7 में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:25 बजे हुई। बदमाश एसयूवी से पहुंचे और पहले कार की रैकी की। इसके बाद लॉक तोड़कर कार में घुसे और उसे चालू कर फरार हो गए।
पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। अरेरा कालोनी ई-7 निवासी डा. एके जैन ने कार चोरी होने की शिकायत हबीबगंज थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश एसयूवी से आए थे और वारदात के बाद उसी वाहन से फरार हुए। पुलिस आसपास लगे अन्य कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।
अरेरा कालोनी शहर के प्रमुख और पाश इलाकों में शामिल है। इसके बावजूद देर रात बदमाश यहां पहुंचकर रैकी करते रहे और कार का लाक तोड़कर चोरी कर ले गए। इससे क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी तरह की वारदात मिसरोद क्षेत्र में भी हो चुकी है।